पिथौरागढ़। डीडीहाट क्षेत्र में बदहाल संचार सेवा से नाराज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय में धरना दिया। प्रदर्शनकारियों ने तीन घंटे का उपवास रखा। कहा कि डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद डीडीहाट क्षेत्र की जनता को संचार सुविधा नहीं मिल पा रही है।
कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष राजेंद्र बोरा ने कहा कि डीडीहाट के दर्जनों गांवों में संचार सेवा बदहाल है। फोन में सिग्नल न आने से लोग अपने परिजनों से बातचीत नहीं कर पाते हैं। कोरोना काल में घर से काम करने का चलन चला लेकिन नेटवर्क न होने के कारण लोगों को इससे भी वंचित रहना पड़ा। बच्चे ऑनलाइन पढ़ाई नहीं कर सके। उन्होंने इसके लिए क्षेत्रीय विधायक को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि लगातार पांच बार विधानसभा तक पहुंचने के बावजूद विधायक बिशन सिंह चुफाल क्षेत्र को संचार सेवा से नहीं जोड़ पाए। इस अवसर पर सेवा दल जिलाध्यक्ष विक्रम देउपा, विस क्षेत्र अध्यक्ष बसंत जोशी, गुलाब बोरा, बबलू कठायत, चंचल बोरा, कमल, मनोज मेहता आदि थे।