थल (पिथौरागढ़)। खाद्यान्न भंडार में स्थायी खाद्य पूर्ति निरीक्षक की तैनाती के लिए लोगों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। उन्होंने शीघ्र तैनाती न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 16 दिन पूर्व खाद्य पूर्ति निरीक्षक का स्थानांतरण हो गया था। तब से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों के राशन कार्ड में नई यूनिट जोड़ने, कार्ड से नाम हटाने और ऑनलाइन कार्ड बनाने में परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि जिला प्रशासन और खाद्य विभाग ने बिना प्रति नियुक्ति के थल में पूर्व में तैनात खाद्य पूर्ति निरीक्षक को हटाकर गोदाम का प्रभार थल के राजस्व निरीक्षक को दिया है। प्रदर्शनकारियों ने तल्खी से कहा कि चार्ज दिए गए राजस्व निरीक्षक के पास थल तहसील के 73 राजस्व गांवों की छह पट्टियों का प्रभार है। इसी माह बरसात शुरू होने वाली है आपदा काल में वैसे ही राजस्व निरीक्षक अपने राजस्व कार्यों में व्यस्त रहते हैं। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर स्थायी खाद्य पूर्ति निरीक्षक की तैनाती न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है। इस मौके पर पूर्व प्रधान अशोक चंद, बसंत लोहनी, कमल किशोर पाठक, नारायण सिंह, चंद्रशेखर चंद, भुवन गिरी, विजय चंद, भगवान सिंह, देवेंद्र सिंह, गिरीश राम आदि मौजूद रहे।