पिथौरागढ़। सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण टनकपुर-जौलजीबी सड़क की बदहाली से लोग परेशान हैं। अधिकारियों को बताने के बावजूद सड़क नहीं सुधारी जा सकी है। इससे नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने विधायक बिशन सिंह चुफाल के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजकर सड़क सुधारने की मांग की। इस दौरान उन्होंने नेपाल सीमा से तल्लाबगड़ क्षेत्र में संचार सेवा सुधारने के लिए केंद्रीय संचार मंत्री को भी ज्ञापन भेजा।
तल्लाबगड़ क्षेत्र के ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों ने बृहस्पतिवार को डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि 30 साल पूर्व यूपी के तत्कालीन सीएम मुलायम सिंह यादव के कार्यकाल में यह सड़क बनी थी। तब से हर वर्ष बरसात में सड़क टूटती रही है। अब यह सड़क बदहाल हो चुकी है। इससे बगड़ीहाट, तीतरी, सिलौनी, घिंघरानी, द्वालीसेरा, बगड़ीहाट, सुनखोली, रणवा, डौड़ा, अमतड़ी क्षेत्र की 15 हजार से अधिक की आबादी को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सड़क सुधारने के लिए शीघ्र राशि स्वीकृत कराने की मांग की है। इस दौरान उन्होंने विधायक के माध्यम से केंद्रीय संचार मंत्री को भी ज्ञापन भेजा। इसमें तल्लाबगड़ क्षेत्र में संचार सेवा को ठीक करने की मांग की। बताया कि संचार सेवा की बदहाली के कारण बच्चे ऑनलाइन नहीं पढ़ पा रहे हैं। वह आपातकाल में 108 एंबुलेंस को भी नहीं बुला पा रहे हैं। उन्होंने क्षेत्र की संचार सेेवा को सुधारने की मांग की। इस मौके पर ग्राम प्रधान रवि चंद, भूपेंद्र राम टम्टा, प्रेम राम, ललित कठायत, हनुमान सिंह, कमला, ललित पाल, संतोष चलाल, बलवीर चंद आदि रहे।