थल (पिथौरागढ़)। ग्रामीणों ने पांखू-चौसला-नांलड़ा सड़क में खराब गुणवत्ता का आरोप लगाया है। इससे नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को विरोध, प्रदर्शन कर निर्माण कार्य की जांच की मांग की।
ग्रामीणों ने बताया कि पीएमजीएसवाई खंड डीडीहाट की ओर 19 करोड़ की लागत से बन रही पांखू-चौसला-नांलड़ा 29 किमी लंबी सड़क में घटिया निर्माण सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे लोगों में नाराजगी है। आरोप है कि दूसरे चरण के इस कार्य में कॉजवे, कल्वर्ट, दीवारें, सड़क में सोलिंग का कार्य किया जा रहा है। सड़क में कॉजवे, कल्वर्ट, दीवार निर्माण के कार्य मे ठेकेदार स्थानीय मिट्टी में सीमेंट मिलाकर निर्माण कार्य किया जा रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ठेकेदार से कई बार कहने के बाद भी गुणवत्ता नहीं सुधारी जा रही है। इस कारण सड़क में हाल में ही बने कल्वर्ट में बड़े छेद हो गए हैं। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच करने की मांग की है। इस मौके पर देवराज रौतेला, प्रयाग दत्त पाठक, त्रिलोक सिंह, हिमांशु सिंह, हरीश कार्की, होशियार सिंह, कमल सिंह, जसवंत सिंह मौजूद रहे। वहीं पीएमजीएसवाई खंड के ईई दिनेश कुमार का कहना है कि ठेकेदार की ओर से कराए जा रहे निर्माण कार्य की जांच कराई जाएगी।