नेहरू युवा केंद्र पौड़ी की ओर से आयोजित राष्ट्रीय युवा सप्ताह का बुधवार को समापन हो गया। इस दौरान केंद्र की ओर से मतदाता जागरूकता, स्वच्छता, जल संरक्षण सहित कई विषयों पर जागरूकता अभियान चलाया गया। राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका विषय पर आयोजित निबंध प्रतियोगिता में खुशी रावत प्रथम, सरिता नेगी द्वितीय और मनीषा तृतीय स्थान पर रहीं। स्वामी विवेकानंद का चित्र बनाने पर हुई चित्रकला प्रतियोगिता में सुमित बड़थ्वाल प्रथम, नैंसी भट्ट द्वितीय व नेहा रावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
केंद्र के राष्ट्रीय युवा सप्ताह का समापन समारोह का आयोजन जिला चिकित्सालय के डॉट्स सभागार में किया गया। मुख्य अतिथि सीएमओ डा. प्रवीण कुमार ने कहा कि युवा समाज व हमारे देश की सबसे बड़ी पूंजी हैं। इन्हें सही दिशा देकर विकास में मील का पत्थर बनाने की आवश्यकता है। एसीएमओ डा. रमेश कुंवर ने युवाओं को कोविड, उसके दुष्प्रभाव, बचाव व राहत को लेकर जानकारी दी। डा. रुचि पैन्यूली ने एचआईवी एड्स नियंत्रण को लेकर जानकारी दी। समापन समारोह में विजेता छात्रों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन योगंबर पोली ने किया। इस अवसर पर केंद्र की लेखाकार अंजना बिष्ट, डा. विनय कुमार, डीपी मंमगाई, सुबोध कुकशाल, नीरज भंडारी, स्वयंसेवी वर्षा नेगी, पूजा जुयाल, ज्योति और दुर्गा आदि मौजूद रहे।