जिले के कल्जीखाल ब्लाक के अंतर्गत स्थित सांगुडा गांव निवासी बुजुर्ग पं. विद्या दत्त शर्मा की श्रम साधना पर बनी डॉक्यूमेंट्री फिल्म ‘मोतीबाग’ मुख्यालय पौड़ी में प्रदर्शित होगी। फिल्म डॉक्यूमेंट्री श्रेणी में ऑस्कर में प्रदर्शन को चयनित हो चुकी है। अंतर्राष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म फेस्टिवल में भी मोतीबाग फिल्म प्रथम पुरस्कार भी प्राप्त कर चुकी है।
प्रगतिशील कृषक पं. विद्यादत्त शर्मा बीते 52 वर्षों से पहाड़ की सजीवता को आत्मसात किए हुए हैं। गांव के इस बुजुर्ग के जीवन संघर्ष को राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता युवा निर्देशक निर्मल चंद्र डंडरियाल ने डॉक्यूमेंट्री में पिरोया है। डाक्यूमेंट्री का नाम मोतीबाग है। फिल्म में पहाड़ के पलायन, पर्यावरण, खेती, चकबंदी, जल संरक्षण को लेकर बुजुर्ग की जीवटता को मार्मिक रुप में सामने रखा गया है। फिल्म केरल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय डॉक्यूमेंट्री फिल्म फेस्टिवल में प्रथम पुरस्कार प्राप्त कर चुकी है। सितंबर 2019 में फिल्म का चयन आस्कर में प्रदर्शन के लिए भी हो चुका है। जिलाधिकारी पौड़ी धीराज सिंह गर्ब्याल की पहल पर अब फिल्म मुख्यालय में प्रदर्शित की जाएगी। निर्देशक निर्मलचंद्र ने बताया कि डॉक्यूमेंट्री फिल्म मोतीबाग आगामी पांच नवंबर को दोपहर 12 से एक बजे तक संस्कृति भवन प्रेक्षागृह में प्रदर्शित की जाएगी।