विकासखंड के कांडई मल्ली गांव में मुख्यमंत्री त्वरित समाधान सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्रामीणों को सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी गई। ग्रामीणों ने लोनिवि के अधिशासी अभियंता की शिविर में गैरमौजूदगी पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश के नदारत अधिकारियों की रिपोर्ट शासन को भेजने के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए।
रविवार को पौड़ी ब्लॉक के कांडई मल्ली गांव में मुख्यमंत्री त्वरित समाधान सेवा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में पेयजल, उद्यान, कृषि, पशुपालन, पूर्ति विभाग, बाल विकास, समाज कल्याण आदि विभागों के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई। लेकिन शिविर में लोनिवि प्रांतीय पौड़ी की ओर से कोई भी अधिकारी मौजूद नहीं मिला। इस पर ग्रामीणों ने खासी नाराजगी जताते हुए लोनिवि अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला विकास अधिकारी वेदप्रकाश ने अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ शासन को रिपोर्ट भेजने का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने समाज कल्याण विभाग की ओर से न्याय पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाने के अलावा क्षेत्र में पशु सेवा केंद्र खोले जाने, केवर्स गांव में झूलते विद्युत तारों को दुरुस्त कराए जाने की मांग भी की। इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख पौड़ी दीपक कुकसाल, मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह रावत, जिला पूर्ति अधिकारी केएस कोहली, पूर्व प्रधान दिगंबर सिंह, केवर्स के ग्राम प्रधान कैलाश सिंह रावत, अंजू चमोली आदि शामिल थे।