जिले की दूरस्थ तहसील चाकीसैण की ग्राम पंचायत चौंरा में भालू के हमले में घायल महिला के उपचार के लिए प्रदेश सरकार ने हाथ बढ़ाया है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत घायल महिला के घर पहुंचे और कहा कि उपचार का पूरा खर्च सरकार उठाएगी। साथ ही उनके एक बेटे को रोजगार से जोड़ने का प्रयास भी किया जाएगा।
तहसील चाकीसैण की ग्राम पंचायत चौंरा निवासी सोबती देवी (36) पत्नी वीरेंद्र सिंह पर 16 नवंबर को भालू ने हमलाकर बुरी तरह घायल कर दिया था। महिला का एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। महिला के गरीब परिवार से होने के चलते उपचार में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार देर शाम उच्च शिक्षा व स्वास्थ्य मंत्री डा. धन सिंह रावत घायल महिला के घर चौंरा गांव पहुंचे। उन्होंने कहा कि सरकार घायल महिला के उपचार का पूरा खर्च उठाएगी। साथ ही घायल के एक बेटे को भी रोजगार से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। वहीं वन विभाग ने अब तक महिला के उपचार के लिए 15 हजार की धनराशि का अग्रिम भुगतान किया है। रेंजर पैठाणी रश्मि ध्यानी ने कहा कि नियमानुसार घायल महिला की विभाग हर संभव मदद करेगा। इस अवसर पर घायल महिला के भाई व ग्राम प्रधान कोकली जीत सिंह, देवर रविंद्र सिंह, ग्रामीण दरवान सिंह, घायल महिला के बेटे संदीप, प्रदीप व कुलदीप मौजूद रहे।