गढ़वगढ़वाल केंद्रीय विवि से संबद्ध परिसरों, महाविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों में शनिवार से अंतिम सेमेस्टर की परीक्षाएं शुरू हो गई हैं। बिड़ला परिसर के श्रीनगर और चौरास परीक्षा केंद्रों में 1293 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। यहां 1313 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से 20 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
10 अक्तूबर तक चलने वाली स्नातक, स्नातकोत्तर ओर व्यवसायिक पाठ्यक्रम की परीक्षाओं में लगभग साढ़े 41 हजार छात्र-छात्राएं शामिल हो रहे हैं। शनिवार से तीन पालियों में परीक्षाएं शुरू हुई। बिड़ला परिसर के परीक्षा केंद्राध्यक्ष प्रो. विभा मुकेश ने बताया कि पहले दिन की सुबह की पाली (8 -9 बजे) में एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षा संपन्न हुई, जिसमें 356 में से 353 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। पूर्वाह्न (11-12 बजे) बीएससी बॉटनी व बीए संस्कृत की परीक्षाएं हुई, जिसमें 531 में से 527 परीक्षार्थी उपस्थित थे। अपराह्न की पाली (2-3 बजे) में 219 में से 214 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। वहीं, चौरास परिसर में पूर्वाह्न की पाली में बीटेक, बी फार्मा, आईबीटी और पीजी डिप्लोमा पर्यावरण विज्ञान की परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा केंद्राध्यक्ष डा. विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि 140 में से 133 उपस्थित रहे। अपराह्न की पाली में सीएसए, आईटी और पीजी डीटीएच की परीक्षाएं हुई। गढ़वाल विवि के कुलसचिव प्रो. एनएस पंवार, डीएसडब्लू प्रो. पीएस राणा, मुख्य नियंता प्रो. अरुण बहुगुणा सहित अन्य अधिकारियों ने टीम के साथ परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।