ब्लाक मुख्यालय हिंडोलाखाल में कांग्रेस की ओर से युवा सम्मेलन आयोजित किया गया। वक्ताओं ने प्रदेश सरकार पर जन समस्याओं और बेरोजगारों की उपेक्षा का आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने पर युवाओं के लिए रोजगार के दरवाजे खोले जाएंगे।
मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि विधानसभा चुनाव मे बेरोजगारी प्रमुख मुद्दा होगा। भाजपा के सत्ता में आने के बाद युवाओं का पलायन बढ़ा है। स्वरोजगार योजनाएं अधूरी पड़ी हैं। बाद में युवाओं ने स्थानीय बाजार में बेरोजगारी, महंगाई व पलायन के खिलाफ रैली निकाली। इस मौके पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कीर्तिनगर के अध्यक्ष रघुवीर सिंह भंडारी, युवक कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष महावीर बिष्ट, प्रवक्ता आशीष पंवार, ब्लॉक अध्यक्ष देवप्रयाग कुंदन सिंह बिष्ट, जिला प्रवक्ता उत्तम सिंह असवाल, कमल सिंह भंडारी आदि मौजूद थे।