Uttarakhand Weather: कल से बदलेगा मौसम! कड़ाके की ठंड के बीच होगी बारिश और बर्फबारी, अलर्ट जारी
Uttarakhand Weather: आज ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विस्तार
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी का इंतजार अगले सप्ताह तक पूरा हो सकता है। नौ जनवरी को पर्वतीय इलाकों में बारिश-बर्फबारी होने से ठंड बढ़ने के आसार हैं। हालांकि बारिश होने से मैदानी इलाकों में कोहरे और गलन वाली ठंड से राहत मिलेगी। वहीं, आज ऊधमसिंह नगर और हरिद्वार जिले में घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, हल्द्वानी में कड़ाके की सर्दी और कोहरे के कारण मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। रविवार सुबह रामपुर रोड पर घने कोहरे के कारण सदृश्यता काफी कम रही। वाहन चालकों को दस मीटर से आगे कुछ नजर नहीं आ रहा था। इस कारण सुबह नौ बजे तक चालक हेडलाइट जलाकर वाहन चलाने को लेकर मजबूर रहे। हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 17.0 और न्यूनतम 9.6 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विशेषज्ञ के अनुसार सोमवार को हल्के कोहरे और आंशिक बादलों के बीच मौसम साफ रहेगा।
ये पढ़ें- Nainital News: नशे में धुत चालक ने पांच वाहनों को टक्कर मारी
नैनीताल में रविवार को दिनभर धूप खिली रही जिससे स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों ने ठंड से राहत पाई। जीआईसी मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी नवीन धूसिया के मुताबिक अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस रहा। उधर, खटीमा, बेतालघाट, गरमपानी, खैरना, भीमताल, भवाली, धारी क्षेत्र में सुबह से शाम तक कोहरा छाया रहा। इसके चलते लोगों को ठंड का सामना करना पड़ा। ठंड से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए। स्थानीय लोगों ने कहा कि बारिश और बर्फबारी के नहीं होने तक पहाड़ों में कोहरा रहेगा।