नैनीताल जिले में साइबर ठगी: बैंक कैशियर के व्हाट्सएप से भेजा लिंक, दो ग्राहकों के खातों से पांच लाख निकाले
नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा की कमोल शाखा में साइबर ठगी का मामला सामने आया। पीड़ित धर्मेंद्र कंबोज के मोबाइल पर बैंक के कैशियर के व्हाट्सएप नंबर से लिंक भेजा गया, जिस पर क्लिक करते ही उनके खाते से दो लाख रुपये निकल गए।
विस्तार
नैनीताल जिले के कालाढूंगी क्षेत्र में बैंक ऑफ बड़ौदा की कमोल शाखा में साइबर ठगी का मामला सामने आने से सोमवार को हड़कंप मच गया। ठगी का शिकार हुए उपभोक्ताओं ने दर्जनों अन्य ग्राहकों के साथ बैंक शाखा पहुंचकर नाराजगी जताई और मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित धर्मेंद्र कंबोज ने बताया कि उनके मोबाइल पर बैंक के कैशियर के व्हाट्सएप नंबर से एक लिंक भेजा गया था। लिंक पर क्लिक करने के बाद उनके खाते से दो लाख रुपये निकल गए। उन्होंने तत्काल इसकी शिकायत बैंक में की। शिकायत के करीब पांच घंटे बाद उनके दूसरे खाते से भी दो लाख रुपये निकाले जाने का मैसेज उनके मोबाइल पर आया, जिससे वह हैरान रह गए।
वहीं, दूसरी पीड़ित उपभोक्ता रानी कंबोज ने बताया कि उनके खाते से भी साइबर ठगों ने एक लाख रुपये निकाल लिए। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र के कई अन्य उपभोक्ता भी बैंक शाखा पहुंच गए और उन्होंने बैंक प्रबंधन के समक्ष नाराजगी जताई।
बैंक शाखा प्रबंधक अंकित ने बताया कि शाखा के दो उपभोक्ताओं के खातों से कुल करीब पांच लाख रुपये साइबर ठगी के जरिए निकाले जाने का मामला सामने आया है। मामले की जांच की जा रही है। बैंक स्तर से भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।