हल्द्वानी। स्टेडियम में चल रही राज्य स्तरीय ओपन बालिका फुटबाल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में नैनीताल ने 3-2 से पिथौरागढ़ को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की। मुख्य अतिथि सिटी मजिस्ट्रेट ऋचा सिंह ने विजेता और उपविजेता टीम को ट्राफी देकर पुरस्कृत किया।
शुक्रवार सुबह दूसरा सेमीफाइनल मैच नैनीताल और पौड़ी की टीम के बीच खेला गया। इसमें नैनीताल टीम की मेघा और टीना ने गोल दागकर टीम को 2-0 से फाइनल में प्रवेश दिलाया। फाइनल मैच नैनीताल और पिथौरागढ़ के मध्य खेला गया। दोनों ही टीमें आपस में गोल के लिए अंतिम समय तक प्रयास करती रही लेकिन गोल करने में असमर्थ रही। दोनों टीमों को 5-5 पेनाल्टी शूट आउट मिले, जिसमें नैनीताल की शिवानी, प्राची और खुशबु ने एक-एक गोल, जबकि पिथौरागढ़ की भगवती और संगम ने एक-एक गोल किए। पेनाल्टी शूटआउट में नैनीताल 3-2 से विजयी रही। निर्णायक की भूमिका तनवीर, सलीम, हेमा पंत, देवकी, दीपक कठायत, राकेश रावत ने निभाई। इस मौके पर खेल अधिकारी अख्तर अली, कुमार गौरव खोलिया, नीता पोखरिया, पूनम मेहता, जितेंद्र सिंह, नीरज पांडे, हेमलता मेहता, किशन सिंह बोरा आदि मौजूद रहे।