हेलीकॉप्टर से बुझाई जा रही जंगल की आग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हल्द्वानी/भीमताल (नैनीताल)। जिला प्रशासन ने भीमताल और आसपास के क्षेत्रों के जंगलों में लगी आग को बुझाने के लिए हेलीकॉप्टर मंगा लिया है। शनिवार को एमआई-17 ने भीमताल झील से पानी लेकर जंगल में लगी आग को बुझाया। इसके अलावा जिला प्रशासन ने पैराग्लाइडिंग पर तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक रोक लगा दी है। रविवार की सुबह हनुमानगढ़ी से अभियान की शुरूआत होगी। एयरफोर्स की टीम सरसावा (सहारनपुर) से आई है। एमआई 17 हेलीकाप्टर को घोड़ाखाल में उतार गया। बरेली से हेलीकाप्टर के ईंधन की व्यवस्था के लिए बाउजर मंगवाया गया है।
नैनीताल जिले समेत कुमाऊं में पहाड़ी जिलों के अधिकांश जंगल धधक रहे हैं। नैनीताल डीएम दीपक रावत ने बताया कि सरसवा (सहारनपुर) से एयरफोर्स की टीम आ गई है। रविवार की सुबह हनुमानगढ़ी से टीम आग बुझाने की काम शुरू करेगी। उन्होंने बताया कि एयरफोर्स की टीम में सात लोग आए हैं और एक एमआई 17 हेलीकॉप्टर आया है। एसडीओ वन और एसडीएम नैनीताल समेत अन्य अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेलीकॉप्टर भीमताल झील से पांच हजार लीटर पानी लेकर आग बुझाने का काम करेगा।
जिलाधिकारी ने बताया कि आबादी वाले क्षेत्र में अगर आग लगी होगी तो उसे प्राथमिकता के आधार पर बुझाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शनिवार को बरेली से भी दो हेलीकाप्टर आए थे और रेकी करके गए हैं। हेलीकाप्टर के माध्यम से आग लगने वाले स्थानों को सूचीबद्ध किया गया है। हेलीकाप्टर के रेकी करने से आग वाले स्थानों को चिह्नित करने में मदद मिली है। रावत ने बताया कि आवश्यकता पड़ी एनडीआरएफ की टीम का भी सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जहां भीषण आग लगी है ऐसे स्थानों की सूची वन विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से मांगी गई है।
सबसे अधिक प्रभावित क्षेत्र में आग बुझाने का काम प्राथमिकता के साथ किया जाएगा। डीएम ने बताया कि एसडीएम नैनीताल को आपरेशन इंचार्ज बनाया गया है। एसडीओ वन वायरलेस और सात अन्य कर्मियों के साथ सूचनाओं का आदान-प्रदान करेंगे। एसडीओ ये भी बताएंगे कि आग की ऊंचाई कितनी है और जहां लगी है वहां की ऊंचाई कितनी है। साथ ही ये भी बताएंगे कि आग कहां ज्यादा लगी है और कहां कम। आबादी वाले हिस्से में प्राथमिकता से आग बुझाने का काम होगा। डीएम ने बताया कि बाउजर बरेली से चल चुका है और सुबह हल्द्वानी रेलवे स्टेशन पहुुंचेगा।
बाउजर आने के बाद हेलीकाप्टर के लिए ईंधन की कमी नहीं होगी। उन्होंने कहा कि आग लगने की सूचना टोल फ्री नंबर 1077 या जिलाधिकारी रावत के मोबाइल नंबर 9458977777 पर दे सकते हैं। उधर, भीमताल ब्लॉक के पांडेगांव, जंगलियागांव और घोड़ाखाल क्षेत्र में पिछले काफी समय से पैराग्लाइडिंग होती हैं। इससे दर्जनों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार भी मिला है। अपर जिलाधिकारी बीएल फिरमाल ने बताया कि प्रशासन की ओर से हेलीकाप्टर के माध्यम से भीमताल झील से पानी लाकर जंगलों में लगी आग को बुझाया जा रहा है।