Election 2024: बनभूलपुरा में बवाल का नहीं दिखा असर, हिंसा के बीच भी खूब पड़े वोट; इस मुद्दे पर किया मतदान
आठ फरवरी को बनभूलपुरा में उपद्रव के बाद कर्फ्यू लगा था। इस घटना से धीरे-धीरे बनभूलपुरा उबरा है। हालांकि बवाल का असर मतदान पर नहीं दिखा और लोगों में वोट डालने के लिए उत्साह दिखा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आठ फरवरी को बनभूलपुरा में उपद्रव के बाद कर्फ्यू लगा था। इस घटना से धीरे-धीरे बनभूलपुरा उबरा है। हालांकि इलाके में घटना के निशान अभी मिल जाएंगे। अमर उजाला की टीम ने इलाके के पोलिंग बूथों को दौरा किया। पर बवाल का असर मतदान पर नहीं दिखा और लोगों में वोट डालने के लिए उत्साह दिखा। बातचीत में मतदाताओं ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई कम करने के साथ बेहतर शिक्षा की उम्मीद को लेकर वोट किया।
बनभूलपुरा क्षेत्र एक सघन इलाका है, यहां पर 43785 मतदाताओं के लिए 49 पोलिंग केंद्र बनाए गए थे। शुक्रवार शाम अमर उजाला की टीम राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय प्राथमिक विद्यालय पहुंची। इसमें कक्ष संख्या एक में 1120 मतदाता थे। पौने चार बजे तक 674 ने मतदान कर लिया था। दूसरे कक्ष में 1104 वोटरों में 715 ने मत का प्रयोग किया। इसके बाद टीम लाइन नंबर 17 स्थित जीजीआईसी पहुंची। यहां पर सात पोलिंग केंद्र बनाए थे। नगर निगम ने इसे चकाचक बूथ बनाया था। कक्ष संख्या तीन में कुल 719 मतदाता थे जिसमें दोपहर चार बजे तक 394 ने मतदान कर लिया था। इस तरह कक्ष संख्या चार में 877 वोटरों में 483 ने मतदान किया। अन्य पोलिंग बूथों पर 968 में 538 ने मतदान किया था। यहां के मतदान केंद्रों में दोपहर एक से तीन बजे के बीच मतदान के लिए आने वाले लोगों की संख्या ज्यादा थी।
ये पढ़ें- Khatima: लाइन में लगकर सीएम धामी ने किया मतदान, वोट डालने के बाद किया ऐसा काम..फिर नाश्ता किया, तस्वीरें देखें
इसके बाद अमर उजाला की टीम मलिक के बगीचा में पहुंची। यहां मिले हनीफ कहते हैं कि सवा घंटे लाइन में लगकर वोट किया है। कहा कि सांप्रदायिकता बढ़ रही है, यह ठीक नहीं है। हमारा देश फूलों का गुलदस्ता रहा है। जमशेद और फुरकान वारसी से बात करने की कोशिश की तो पहले वह झिझके। फिर कहा कि महंगाई कम होने के साथ बिजनेस की बढ़ोतरी के लिए और प्रयास हों। इसके बाद टीम मलिक के बगीचा के पास स्थित मदरसा नैनीताल पब्लिक स्कूल पहुंची। यहां पर लाइन लगी थी। राशिद अंसारी कहते हैं कि इलाके में बिजली और पानी की बढ़ी समस्या है। मो. अजहर कहते हैं कि इलाके में शिक्षा की बेहतर व्यवस्था नहीं है। छोटे- छोटे बच्चे नशा कर रहे हैं। इन मुद्दों को लेकर वोट किया। ललित आर्य कन्या इंटर कॉलेज में बनाए पोलिंग सेंटर में पहुंची नेहा निवासी लाइन नंबर18 कहती हैं कि वह मताधिकार का प्रयोग हर हाल में करती हैं।
रानीबाग मतदान केंद्र में कम रही वोटिंग
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मतदान प्रतिशत कम रहा है। हल्द्वानी विधानसभा के अंतर्गत आने वाले इस पोलिंग केंद्र पर दोपहर तीन बजे तक 451 में 105 (23.82%) लोग मतदान के लिए पहुंचे। यहां पर केवल एक पोलिंग केंद्र है। इस पोलिंग केंद्र पर लगातार मतदान प्रतिशत कम हो रहा है। पिछले लोकसभा चुनाव में यहां 27.15 प्रतिशत और विधानसभा चुनाव में 29.82 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.