रामनगर: कॉर्पोरेट आउटिंग पर आई दिल्ली की युवती संग दुष्कर्म, कंपनी के दो युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
दिल्ली की कंपनी की आउटिंग पर रामनगर के रिसॉर्ट आई युवती ने एक सहकर्मी पर दुष्कर्म और दूसरे पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया; पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 62 और 64 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है
विस्तार
दिल्ली की एक कंपनी की ओर से आउटिंग पर रामनगर के रिसॉर्ट में आए ग्रुप में मौजूद युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। दिल्ली निवासी युवती ने सहकर्मी पर दुष्कर्म जबकि दूसरे सहकर्मी पर दुष्कर्म के प्रयास का आरोप लगाया है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 62 और 64 प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
युवती ने रविवार को पुलिस को दी तहरीर में बताया कि दिल्ली स्थित एक कंपनी के दस वर्ष पूरे होने के पर 24 और 25 अक्तूबर को रामनगर स्थित रिसॉर्ट में कॉर्पोरेट आउटिंग आयोजित की गई थी। वह भी अन्य साथियों के साथ आउटिंग पर आई थी। युवती के अनुसार 24 अक्तूबर की रात करीब साढ़े 11 बजे उसे रिसॉर्ट के एक कमरे में बुलाया गया जहां कंपनी की सेल्स टीम के कई सदस्य मौजूद थे। यहां उसे जबरन अधिक शराब पिलाई गई। सभी लोगों के कमरों में जाने के बाद दिल्ली निवासी शुभम भाटला ने उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपी ने अपने दूसरे साथी सौरभ ठाकुर को कमरे में बुलाया। उसने भी दुष्कर्म का प्रयास किया। बाद में दोनों ने उसे दूसरे कमरे में छोड़ दिया।
की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 62 और 64 प्राथमिकी दर्ज की है। साथ ही मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। - रविकांत सेमवाल, सीओ, रामनगर।