{"_id":"ebe609c163e705ea125b0a3bbd5afd67","slug":"nancy-convent-lawsuit-against-management-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"नैंसी कान्वेंट प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
नैंसी कान्वेंट प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा
ब्यूरो/अमर उजाला, ज्योलीकोट
Updated Fri, 22 May 2015 01:38 AM IST
विज्ञापन
नैंसी कान्वेंट स्कूल प्रबंधन पर बच्चों के अपहरण और बंधक बनाने का आरोप लगाते हुए कुछ अभिभावकों ने प्रबंधन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत स्कूल प्रबंधन का वाहन सीज कर दिया है।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक इस विद्यालय में पढ़ने वाले यूपी के बागपत निवासी बच्चों के अभिभावकों प्रमोद राणा, रमेश तोमर और नरेंद्र धामा ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि नैंसी विद्यालय प्रबंधन ने बुधवार रात करीब 10:30 बजे उनके बच्चों को वाहन यूके 04 एन 8406 से परिजनों के पास पहुंचाने की बात कहकर गाड़ी में लाए और नैनीताल रोड में सुनसान जगह पर गाड़ी से उतारकर अकेले छोड़ गया। आरोप है कि प्रबंधन ने आईआईटी और एनडीए कोचिंग कराकर जॉब गारंटी की बात कही थी, लेकिन विद्यालय प्रबंधन मुकर रहा है और दूसरे साल भी मोटी रकम मांगी जा रही है। प्रबंधन ने बच्चों को वापस ले जाने का दबाव बनाया, लेकिन अभिभावकों ने बच्चों की टीसी और फीस के रूप में वसूली गई मोटी रकम वापस देने पर ही बच्चों को ले जाने की बात कही और वह विद्यालय से चले गए।
विज्ञापन
इसके बाद रात में उनके बच्चों को सुनसान सड़क पर छोड़ दिया गया। पुलिस ने गश्त के दौरान बच्चों को देखा और उनके बताने पर परिजनों को सूचना दी गई। इस पर सभी अभिभावक हल्द्वानी से फिर ज्योलीकोट पहुंचे। पुलिस ने प्रबंधन के खिलाफ आईपीसी की धारा 342 और 363 के तहत बंधक बनाने और अपहरण का मुकदमा दर्ज कर वाहन सीज कर लिया है। इधर, नैंसी स्कूल प्रबंधन का कहना है कि यह बच्चे नरेंद्र धामा, आर्यन तोमर और मनीष राणा विद्यालय में अनुशासनहीनता कर रहे है। गलत आदतों के कारण अन्य बच्चों पर भी विपरीत असर पड़ रहा है। इनके अभिभावकों को बुलाया गया और बच्चों की हरकतों को देखते हुए वापस ले जाने को कहा। अभिभावकों की ओर से लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं।
विज्ञापन