हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस ने चौपला और गोलापार के अन्य स्थानों पर शनिवार की रात छापा मारकर शराब पीते हुए 10 लोगों को हिरासत में लिया। थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर गौलापार में पुलिस ने चौपला चौराहे पर छापा मारा तो, आठ लोग शराब पीते हुए मिल गए। इस बीच पुलिस की एक अन्य टीम ने दूसरे स्थान से दो लोगों को शराब पीते पकड़ लिया। पकड़े गए लोगों में रामलाल कॉलोनी खेड़ा निवासी प्रकाश आर्या, सरना डाडी नैनीताल निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट, गौधड़ा मुखानी निवासी गंभीर सिंह और मनोज सिंह बिष्ट, ऊंचापुल निवासी विजय परगाई, सुरभि कॉलोनी मुखानी निवासी विशाल सिंह, बिठौरिया नंबर एक निवासी जितेंद्र सिंह, दोनहरिया निवासी सुरेश सिंह और अर्जुन सिंह, दमुवाढूंगा निवासी गोपाल राम शामिल हैं। पुलिस ने सभी का पुलिस एक्ट के तहत चालान किया है। इस बीच पुलिस ने शराब पिलाने के मामले में दुकानदारों पर भी जुर्माना लगाने की चेतावनी दी है। ब्यूरो