हल्द्वानी: छात्रा से अभद्रता...फिर कोतवाली में धरना, MBPG कॉलेज में चुनावी बवाल, छात्रनेता को रास्ते में पीटा
हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में चुनाव प्रचार के दौरान एक छात्रा से अभद्रता पर दो पक्षों में मारपीट हुई। पुलिस ने लाठियां फटकारीं, लेकिन छात्रा की तहरीर पर कार्रवाई न होने से नाराज छात्र रात आठ बजे धरने पर बैठ गए, जहां देर रात तक पुलिस उन्हें समझाती रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हल्द्वानी एमबीपीजी कॉलेज में चुनावी माहौल तैयार हो चुका है। प्रचार-प्रसार के दौरान आपसी विवाद के मामले भी सामने आ रहे हैं। शनिवार को एक प्रत्याशी की समर्थक छात्रा से अभद्रता के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। कोतवाली और चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को तितर-बितर करने के लिए जमीन पर लाठियां फटकारीं। वहीं छात्रा की तरफ से हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दिए जाने के बावजूद कार्रवाई न होने पर रात 8 बजे छात्र धरने पर बैठ गए। देर रात तक पुलिस उन्हें समझाती रही।
एक छात्र ने बताया कि वह छात्रसंघ चुनाव में संभावित प्रत्याशी है। शनिवार को उनकी हेल्पडेस्क पर कुछ समर्थक छात्राएं बैठी थीं। तभी वहां दूसरे पक्ष के कुछ युवक पहुंचे और एक छात्रा से छेड़छाड़ करने लगे। छात्रा ने कॉल करके उन्हें बुलाया और जब वह पहुंचे तब आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। बताया कि विवाद की स्थिति देख वह प्राचार्य को लिखित शिकायत देने के लिए जाने लगे। तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में ही रोका और एकत्र होकर पीटने लगे। किसी तरह वह जान बचाकर भागे। इसकी खबर फैलते ही उनके अन्य समर्थक भी पहुंच गए और दोनों पक्षों में जमकर हंगामा हुआ। स्कूल प्रशासन की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर हंगामा करने वाले कुछ लड़कों को हिरासत में ले लिया। उन्हें कॉलेज से बाहर ले जाते समय कुछ अन्य युवकों की पुलिस से खींचतान भी हुई।
वहीं पीड़ित छात्रा ने पुलिस को आरोपियों के नाम लिखकर तहरीर भी दी। करीब चार घंटे तक भी जब पुलिस ने कार्रवाई नहीं की तब छात्रा के साथी समर्थक कोतवाली के अंदर ही धरने पर बैठ गए। छात्रों ने बताया आरोपी युवक लगातार धमकी दे रहे हैं। पुलिस ने गिरफ्तार करना तो दूर उन्हें पूछताछ तक के लिए नहीं बुलाया। कोतवाली के अंदर ही नारेबाजी शुरू हो गई और मौके पर फोर्स को भी तैनात किया गया। देर रात तक छात्रों का हंगामा व प्रदर्शन कोतवाली में जारी रहा।
चुनाव की तिथि तय नहीं, जुलूस से परेशान कॉलेज प्रशासन
छात्रसंघ चुनाव को लेकर माहौल गरमाता जा रहा है। फिलहाल छात्रसंघ चुनाव की तारीख तय नहीं की गई है और न ही कॉलेज प्रशासन की तरफ से विद्यालय के अंदर किसी भी तरह के जुलूस की अनुमति दी गई है। इसके बावजूद चुनाव की तैयारी कर रहे छात्र राजनैतिक दल और निर्दलीय प्रत्याशी एकत्र होकर जुलूस की शक्ल में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। इसकी वजह से कॉलेज प्रशासन भी परेशान है। प्राचार्य एनएस बनकोटि ने बताया कि जुलूस की वजह से बड़ी संख्या में छात्र एकत्र हो रहे हैं और कई बार आपसी विवाद के मामले सामने आ चुके हैं। इसकी वजह से कॉलेज में अराजकता का माहौल भी बन रहा है। माहौल बिगाड़ने वाले छात्रों को चिह्नित कर उनकी रिपोर्ट पुलिस को दी जाएगी।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य लोगों के मोबाइल से मिली वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है। मारपीट करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है। छात्रा की दी गई तहरीर पर जांच की जा रही है। कॉलेज प्रशासन से भी मदद मांगी गई है। धरने पर बैठे छात्रों से बातचीत की जा रही है। जल्द ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। -मनोज कुमार कत्याल, एसपी ट्रैफिक
छात्र नेताओं को पार्टी या निर्दलीय का बोर्ड लगाकर कैनोपी लगाने की अनुमति दी गई थी लेकिन विवाद बढ़ने की स्थिति को देखते हुए इस अनुमति को निरस्त कर दिया गया है। पीड़ित छात्रा की तरफ से शिकायत दी गई है, जिसकी कॉलेज प्रशासन के स्तर से जांच की जा रही है। पुलिस को भी मामले में जांच के लिए पत्र लिखा गया है। -एनएस बनकोटि, प्राचार्य एमबीपीजी कॉलेज