Uttarakhand Road Accident: स्कूल की बस पलटी...12 बच्चे घायल, परिचालक का पैर टूटा; चालक पर केस
छात्र-छात्राओं को लेकर जा रही बीएलएम स्कूल की बस सामने से आ रही गाड़ी को पास देने के चक्कर में पलट गई। हादसे में 11 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
विस्तार
छात्र-छात्राओं को लेकर जा रही बीएलएम स्कूल की बस सामने से आ रही गाड़ी को पास देने के चक्कर में पलट गई। हादसे में 11 बच्चे मामूली रूप से घायल हो गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। एक बच्चे के सिर में चोट है और परिचालक का पैर टूट गया। दोनों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
बरेली रोड स्थित पदमपुर देवलिया में बीएलएम एकेडमी है। बृहस्पतिवार सुबह स्कूल की 42 सीटर बस 38 बच्चों को लेकर हल्द्वानी से स्कूल जा रही थी। बस में चालक-परिचालक के अलावा एक महिला टीचर भी सवार थी। पदमपुर पहुंचते ही सामने से एक निजी स्कूल की बस आ गई। उस बस को पास देने के लिए चालक ने अपनी बस को कच्ची सड़क पर उतार दिया। जमीन धंसते ही बस एक तरफ पलट गई। इससे चीखपुकार मच गई।
सूचना पर मौके पर पुलिस व राहगीर मदद के लिए पहुंच गए। तब तक बच्चों को बस से बाहर निकाल लिया गया था। स्कूल की दूसरी बस बुलाकर बच्चों को मुखानी स्थिति निजी अस्पताल लाया गया।
बड़ा हादसा बचा, अभिभावकों ने लगाई अस्पताल की दौड़
बस में 38 बच्चे सवार थे। बस एक-दो पलटी और खाती तो बच्चों की जान जा सकती थी। हादसे के बाद अस्पताल पहुंचे बच्चे डरे सहमे हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही अभिभावकों में हड़कंप मच गया। उन्होंने अस्पताल पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित देखा तो राहत की सांस ली।
सामने से आ रही दूसरे स्कूल की बस को पास देने के चक्कर में हादसा हुआ। हादसे में सभी बच्चे सुरक्षित हैं। हमने तुरंत सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाकर उपचार कराया। एक बच्चा व परिचालक अस्पताल में भर्ती हैं। उनका स्कूल प्रबंधन पूरा ख्याल रख रहा है। - साकेत अग्रवाल, प्रबंधक, बीएलएम स्कूल।