{"_id":"696f1248e189408ea60ba7e3","slug":"a-death-trap-lies-on-the-roads-damaged-iron-gratings-in-the-city-are-inviting-accidents-2026-01-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haldwani News: सड़कों पर बिछा मौत का जाल, शहर में लोहे की क्षतिग्रस्त जालियां दे रही हैं हादसों को दावत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haldwani News: सड़कों पर बिछा मौत का जाल, शहर में लोहे की क्षतिग्रस्त जालियां दे रही हैं हादसों को दावत
Tue, 20 Jan 2026 10:57 AM IST
गायत्री जोशी
माई सिटी रिपोर्टर
माई सिटी रिपोर्टर
Published by: गायत्री जोशी
Updated Tue, 20 Jan 2026 10:57 AM IST
सार
काठगोदाम से हल्द्वानी शहर तक सड़कों पर बने गड्ढों और टूटी लोहे की जालियों ने राहगीरों व वाहन चालकों की जान जोखिम में डाल दी है।
विज्ञापन
कालाढूंगी रोड और पनचक्की चौराहे के समीप क्षतिग्रस्त लोहे की जाली।
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
काठगोदाम से लेकर हल्द्वानी शहर तक की सड़कों पर गड्ढे ही नहीं हैं बल्कि मौत का जाल भी बिछा हुआ है। इनसे रोजाना सैकड़ों लोग जान जोखिम में डालकर गुजर रहे हैं। थोड़ी सी असावधानी आपकी जान पर भारी पड़ सकती है।
विज्ञापन
हादसों के बाद सड़कों के गड्ढे तो भर दिए जाते हैं लेकिन नालियों पर लगी इन टूटीं जालियों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। शहर के अलग-अलग हिस्सों में क्षतिग्रस्त लोहे की जालियां और ग्रिलों पर अब तक जिम्मेदार विभागों की नजर नहीं पड़ी है। नतीजतन आए दिन लोग इन पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
विज्ञापन
जेल रोड तिराहा
जेल रोड तिराहे के पास नाली के ऊपर ग्रिल पर लोहे की लंबी चौड़ी चादर फिक्स की गई थी। वाहनों की आवाजाही के कारण चादर ग्रिल से अलग हो चुकी है। अब जैसे ही किसी वाहन का टायर लोहे की चादर पर चढ़ता है न केवल तेज आवाज आती है बल्कि यह एक ओर से छिटकने लगती है। इसी स्थान के समीप सड़क पर लगाई गई लोहे की एक और जाली भी क्षतिग्रस्त है।
विज्ञापन
आईटीआई रोड...
आईटीआई रोड पर नीलकंठ अस्पताल के समीप सड़क के मध्य लगाई गई लोहे की जाली लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। जाली में मौजूद अधिकतर छड़ें गायब हो चुकी हैं या टूट चुकी हैं। मौके पर एक गहरा गड्ढा बन गया है। हादसे से बचने के लिए आसपास के लोगों ने इसमें पत्थर और ईंटे भर दी हैं। इसके बावजूद हादसे का डर बना हुआ है।
पनचक्की चौराहा...
पनचक्की चौराहे वाली सड़क नहर कवरिंग कर बनाई गई है। चौराहे के समीप सड़क के किनारे लोहे की लंबी जाली लगी है। यह जाली एक ओर से बुरी तरह टूट चुकी है। जहां जाली टूटी है वहां मिट्टी से भरे हुए कट्टे रखे गए हैं ताकि कोई हादसा न हो। इसके बाद भी राहगीर और दोपहिया वाहन चालक कई बार चोटिल हो चुके हैं।
पॉलीशीट
नगर निगम के वार्ड संख्या पांच पॉलीशीट में सीसी रोड पर नाली के ऊपर लगाए गए लोहे के जाल के एक बड़े हिस्से से छड़ें गायब हो गई हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
कॉलटैक्स
कॉलटैक्स रोड पर मल्ली बमौरी के पास सड़क पर लगाई लोहे की जाली क्षतिग्रस्त है। इस रोड पर कुछ समय पहले डामरीकरण हुआ था। सड़क पर डामर बिछाते वक्त टूटी लोहे की जाली वाले हिस्से को छोड़ दिया गया। ऐसे में जाल के चारों ओर तो सड़क ऊपर उठ चुकी है और क्षतिग्रस्त हिस्सा गहराई में चला गया है।
सड़कों के गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश दिए जा चुके हैं। जहां- जहां जालियां क्षतिग्रस्त हुई हैं उन्हें भी ठीक कराया जाएगा ताकि लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। -ललित मोहन रयाल, डीएम