रविवार को दूसरे दिन भी हुई बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त रहा। बारिश के कारण सतपुली-संगलाकोटी-पोखडा मार्ग बिजोरापानी के समीप भूस्खलन होने से मलबा आ गया, जिससे यहां यातायात अवरुद्ध हो गया है। प्रशासन ने सभी वाहनों को वैकल्पिक मार्ग पाटीसैंण-चौबट्टाखाल-पोखड़ा पर डायवर्ट कर आवाजाही शुरू करवाई।
उपजिलाधिकारी सतपुली संदीप कुमार ने बताया कि रविवार पूर्वाह्न 11 बजे बिजोरापानी के समीप मलबा आने से सतपुली-पोखड़ा मार्ग बंद हो गया है। कहा कि लगातार बारिश होने के कारण मलबा साफ करने में दिक्कतें आ रही हैं। मलबा अधिक होने के कारण मार्ग सोमवार तक खुलने की संभावना है। जेसीबी के जरिए मार्ग खोलने का प्रयास जारी है। मार्ग बंद होने से इस मार्ग से लगे ब्लाक मुख्यालय पोखड़ा, देवराडी देवी, मेलगांव, सकनोली, मनसनोली, स्यूंसी, बैजरो, बीरोंखाल आदि गांवों व बाजारों का सड़क संपर्क कट गया है। ग्रामीणों को पाटीसैंण, चौबट्टाखाल-पोखड़ा होते हुए आवाजाही करनी पड़ रही है। पूर्व ब्लाक प्रमुख पोखड़ा सुरेंद्र सिंह रावत, ग्राम प्रधान सिलेथ राजपाल रावत ने प्रशासन से जनहित में मार्ग जल्द से जल्द खोलने की मांग उठाई।