भाबर क्षेत्र के अंतर्गत पश्चिमी झंडीचौड़ में जब विभाग की ओर से कोई मदद नहीं मिली तो किसानों ने स्वयं श्रमदान कर 20 मीटर सिंचाई गूल की मरम्मत की। ग्रामीणों ने चंदा एकत्रित कर निर्माण सामग्री खरीदी।
पार्षद सुखपाल शाह ने बताया कि उनके वार्ड नंबर-37 पश्चिमी झंडीचौड़ में सिंचाई गूलों की मरम्मत नहीं हो पाई है। साथ ही नई सिंचाई गूलों का निर्माण भी नहीं कराया गया है, जिससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। सिंचाई विभाग, नलकूप विभाग और लघु सिंचाई विभाग को कई बार इस संबंध में अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। कहा कि झंडीचौड़ क्षेत्र में 90 फीसदी परिवारों की आय का साधन सिर्फ खेतीबाड़ी है। लंबे समय से जब सिंचाई नहर की मरम्मत नहीं की गई तो किसान एकजुट हुए और चंदा भी एकत्रित किया। उन्होंने उक्त धनराशि से रेता, बजरी, सीमेंट खरीद कर स्वयं ही सिंचाई गूलों की मरम्मत कर दी। इस कार्य में प्रगतिशील किसान बलबीर सिंह, रामेश्वर प्रसाद, बिरेंद्र प्रसाद, रघुवीर प्रसाद, मोहनी, सतीश चंद, पारू, धर्मेंद्र कुमार आदि ने सहयोग प्रदान किया।