इनवेस्टर समिट से बदलेगी उत्तराखंड की तस्वीर: सीएम
सतपुली।
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जयहरीखाल ब्लाक की पट्टी मल्ला बदलपुर के ग्राम तोली में स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के नवनिर्मित पॉलीटेक्निक कॉलेज का लोकार्पण किया। जनसभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि हाल में आयोजित इन्वेस्टर्स समिट से राज्य की तस्वीर बदलेगी।
मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि इन्वेस्टर्स समिट के अच्छे परिणाम सामने आएंगे। इससे पहाड़ों में उद्योग लगेंगे और रोजगार के अवसर पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि स्वामी राम जी नेे जौलीग्रांट में अस्पताल की स्थापना कर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में एक मील का पत्थर स्थापित किया था। अब इसी तर्ज पर उनके पैतृक गांव में निर्मित पॉलीटेक्निक कॉलेज क्षेत्र में विकास के द्वार खोलेगा। क्षेत्रीय विधायक एवं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने एडवेंचर टूरिज्म पर विशेष ध्यान दिए जाने की आवश्यकता बताई। लैंसडौन के विधायक दिलीप रावत ने जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण से ग्रामीण क्षेत्रों में आ रही दुश्वारियों से इसके शिथिलीकरण की मांग सीएम के समक्ष रखी।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री एवं अन्य विशेष अतिथियों ने ब्रह्मलीन स्वामी राम के चित्र पर दीप प्रज्वलित कर किया। मुख्यमंत्री ने पॉलीटेक्निक में बनी लैब का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति विजय धस्माना व संचालन गणेश खुगशाल गणी ने किया।