कनाडाई रेसलर ब्रॉडी स्टील पर गृह मंत्रालय का शिकंजा
- भारतीयों के खिलाफ जहर उगलने वाले ब्रॉडी स्टील पर होगी कार्रवाई
- भाजपा नेता अजेंद्र अजय की शिकायत पर गृह मंत्रालय ने शुरू की कार्रवाई
- सीएम आवास में देशवासियों के प्रति अभद्र व नस्लीय टिप्पणी करने का मामला
विस्तार
कनाडाई रेसलर ब्रॉडी स्टील के भारतवासियों के प्रति अभद्र और नस्लीय टिप्पणी करने के मामले में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
बीती 27 फरवरी को मुख्यमंत्री आवास में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ब्रॉडी ने भारतीयों के खिलाफ जमकर जहर उगला था। इस दौरान तत्कालीन मुख्यमंत्री के औद्योगिक सलाहकार रणजीत रावत भी मौजूद थे।
महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज स्टेडियम में 28 फरवरी को रेसलिंग मुकाबले से पहले ब्रॉडी स्टील ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए जमकर गुस्सा दिखाया था।
मुख्यमंत्री आवास में उन्होंने कहा कि वह खली से बिल्कुल भी डरे हुए नहीं हैं। उन्होंने कहा कि हमने तुम लोगों को कंट्रोल किया और सिखाया।
महिला रेसलर रेनी मिशेल ने भी की थी भारत के खिलाफ टिप्पणी
सवा सौ करोड़ लोगों के देश जब मैं तुम्हारे हीरो खली को पीट सकता हूं तो फिर किसी को भी पीट सकता हूं। उन्होंने कहा कि खली की मदद के लिए 25 हजार लोग आए लेकिन मैंने उनके सामने खली को पीटा।
हल्द्वानी में हुई फाइट के दौरान खली पर धोखे से वार करने वाले दोनों रेसलर नॉक्स और अपोलो ने भी उनका समर्थन किया था। इसके बाद अमेरिकी महिला रेसलर रेनी मिशेल ने भी भारत के खिलाफ टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि भारत में सबकुछ निराशाजनक है। खाने से लेकर यहां के लोग तक निराश करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि वह भारतीय रेसलरों को उन्हीं की जमीन पर धूल चटाने आई हैं।
समाचार पत्रों में यह मामला प्रकाशित होने के बाद भाजपा नेता अजेंद्र अजय ने केंद्रीय गृह मंत्रालय से इसकी शिकायत की। अवर सचिव भारत सरकार रेनू सूरी ने मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।