स्वास्थ्य मंत्री एवं हरिद्वार के प्रभारी मंत्री धनसिंह रावत ने कहा कि 31 दिसंबर तक पूरे प्रदेश में टीकाकरण शत प्रतिशत पूरा हो जाएगा। उत्तराखंड और केंद्र सरकार मिलकर इस लक्ष्य को पूरा करेंगे। कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की कई विकास योजनाएं चल रही हैं। योजनाओं को जन जन तक पहुंचाने का काम कार्यकर्ताओं का है।
बुधवार को बहादराबाद भाजपा मंडल की कार्यसमिति में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि सभी विधायक कम से कम 100 केंद्रों पर जाकर वैक्सीनेशन का कार्य पूरा कराएंगे। विकलांग, बुजुर्गों और असहाय लोगों का वैक्सीनेशन मोबाइल वैन के माध्यम से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में मेडिकल कालेज खुलने जा रहा है।
विधायक आदेश चौहान ने कहा कि विपक्ष के पास कोई मुद्दा नही है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत के बल पर ही विधायक बने हैं। कार्यकर्ता ही उनकी पूंजी हैं। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. जयपाल सिंह, जिला उपाध्यक्ष एवं मंडल प्रभारी संदीप गोयल, जिला महामंत्री विकास तिवारी, मंडल अध्यक्ष योगेंद्र राणा, महामंत्री चमन चौहान, तरुण कुमार, उपाध्यक्ष चरण सिंह चौहान, मोली ठाकुर, राजीव चौहान, विपिन शर्मा, मनोज प्रलय आदि मौजूद रहे।