हरिद्वार: जेल से बाहर आते ही उर्मिला सनावर ने किया गंगा पूजन, वीडियो जारी कर कहा- लड़ाई अब रुकेगी नहीं
जेल से रिहाई के बाद उर्मिला सनावर ने एक वीडियो जारी किया है। उन्होंने कहा कि अब वह अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने के साथ उन महिला कैदियों की मदद के लिए भी आवाज उठाएंगी, जिन्हें मुश्किल वक्त में परिवार और कानूनी सहायता नहीं मिल पाती।
विस्तार
जेल से बाहर आने के बाद उर्मिला सनावर ने अपनी मुहिम को लेकर नया एलान किया है। हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन के बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर कहा कि अब उनकी लड़ाई सिर्फ अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि जेल में बंद उन महिलाओं के हक के लिए भी आवाज उठाएंगी, जिन्हें परिवार का सहारा और कानूनी मदद नहीं मिल पा रही है।
उर्मिला सनावर ने अपने वीडियो में कहा कि जेल में कई ऐसी महिलाएं बंद हैं, जिनके पास न तो परिवार का साथ है और न ही उनकी मदद के लिए कोई आगे आता है। ऐसी महिलाओं को वकीलों की सहायता दिलाने की दिशा में भी वह काम करेंगी। उन्होंने कहा कि जेल में बंद इन महिलाओं को उनके अधिकार दिलाना और उन्हें वहां से बाहर निकालने के लिए प्रयास करना भी अब उनकी मुहिम का हिस्सा होगा।
ये भी पढे़ं...जेनी प्रकरण विवाद: 23 साल बाद महिला के खुलासे से बढ़ी हलचल, हरक सिंह पर लगाए गंभीर आरोप, डीएनए टेस्ट की मांग
इसके साथ ही उर्मिला सनावर ने कहा कि उनकी लड़ाई अब रुकने वाली नहीं है और वह इसे आगे भी जारी रखेंगी। उर्मिला के मुताबिक, उनका उद्देश्य उन महिलाओं की आवाज बनना है, जो परिस्थितियों के चलते अकेली पड़ गई हैं और अपने अधिकारों के लिए लड़ने में असमर्थ हैं।