पिरान कलियर दरगाह पर जियारत करने आए उत्तर प्रदेश के तीन जायरीनों की धनौरी के पास बावनदर्रा में बरसाती नदी के पानी में डूबने से मौत हो गई। मरने वालों में एक महिला और एक बच्चा भी शामिल है। यह लोग अलीगढ़ और अमरोहा के थे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से तीनों के शव बरामद कर लिये।
रुड़की तहसील क्षेत्र के पिरान कलियर शरीफ में इस समय सालाना उर्स चल रहा है। उर्स में बड़ी संख्या में जायरीन जियारत के लिए आ रहे हैं। पिरान कलियर के पास ही धनौरी में बावनदर्रा है। यहां बरसाती नदी रतमऊ का पानी भरा रहता है। कलियर जियारत करने के लिए आने वाले जायरीन यहां नहाने के लिए पहुंचते हैं।
रविवार की दोपहर को यहां बड़ी संख्या में जायरीन नहा रहे थे। इसी दौरान अलीगढ़ निवासी मायरा (19) पत्नी मुनीश और अनस (9) पुत्र बबलू निवासी जंगल गढ़ी अलीगढ़ और खुर्शीद पुत्र हबीब निवासी तेलीपुरा अमरोहा नहाते समय डूब गए। जायरीनों के डूबने की खबर आग की तरह फैल गई। इसके बाद मौके पर लोगों भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से कुछ ही देर में मायरा और अनस, खुर्शीद को बाहर निकाला। लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। धनौरी चौकी प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि तीनों जायरीनों के शव बावनदर्रे से बरामद कर लिए गए हैं। घटना की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।