राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ जनपद के 15 अल्ट्रासाउंड सेंटरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिकॉर्ड के रख रखाव के अभाव में दो सेंटर संचालकों को नोटिस जारी किया गया।
मंगलवार और बुधवार को किए औचक निरीक्षणों में राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष ज्योति साह मिश्रा ने सेंटरों पर अल्ट्रासाउंड होने के इंतजार में बैठी और अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां भी बेटों से आगे बढ़कर अपने परिवार, समाज व राष्ट्र का नाम रोशन कर रही हैं। लिहाजा, समाज को भी बेटियों के प्रति पुरानी सोच बदलनी होगी। उन्होंने माताओं को बेटे व बेटी को एक समान समझने के साथ ही बेटियों को शिक्षा दिलाकर आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया। उपाध्यक्ष ने सेंटरों के लाइसेंस, डॉक्टरों और अल्ट्रासाउंट करने वालों की डिग्रियां भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान हरिद्वार में शर्मा इमेजिंग अल्ट्रासाउंड सेंटर और रुड़की में साहरन नूर होम अल्ट्रासाउंड सेंटर के रिकार्ड रख रखाव सही नहीं पाए गए। जिस पर सेंटर संचालकों को रिकॉर्ड दुरुस्त करने और नोटिसों का जवाब देने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसीएमओ डॉ. विवेक तिवारी, एलएमओ डॉ. श्रुति, तहसीलदार शालिनी मौर्य, नायब तहसीलदार गिरीश चंद्र त्रिपाठी, जिला कॉर्डिनेटर रवि सांडल, दीपेश, दीपक करगेती आदि मौजूद रहे।