{"_id":"d4b644360156b540cec7dd23f1881fa8","slug":"front-against-the-state-of-local-government-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"राज्य सरकार के खिलाफ स्थानीय सरकार का मोर्चा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
राज्य सरकार के खिलाफ स्थानीय सरकार का मोर्चा
ब्यूरो, अमर उजाला/हरिद्वार
Updated Tue, 17 Nov 2015 12:19 AM IST
विज्ञापन
हरिद्वार। पाई-पाई के लिए मोहताज नगर निगम की आर्थिक मदद न करने और निगम के संसाधनों पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए सोमवार को मेयर मनोज गर्ग ने भाजपा पार्षदों के साथ प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला। हरकी पैड़ी पर सांकेतिक धरने-प्रदर्शन के दौरान उन्होंने चेतावनी दी यदि सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की तो वह मुख्यमंत्री के आवास का घिराव करेंगे। एक तरफ मेयर धरने पर बैठे थे दूसरी तरफ कांग्रेसियों ने इस धरने के विरोध में बैठक आयोजित कर इसे मेयर की औछी हरकत करार दिया। मेयर के धरने पर भाजपा के कई पार्षद नहीं पहुंचे। एक पार्षद ने तो मेयर कार्यालय में ज्ञापन देकर आय बढ़ाने के अन्य स्रोतों पर कार्रवाई की मांग कर डाली। साथ ही कई सवाल भी दागे हैं।
विज्ञापन
प्रदेश सरकार के सौतेले व्यवहार के विरोध में मेयर धरने पर
हरिद्वार। हरकी पैड़ी पर सांकेतिक धरने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार नगर निगम के आर्थिक संसाधनों पर कब्जा कर रही है। कहा कि दीनदयाल उपाध्याय रोड़ी बेलवाला पार्किंग एवं पंतद्वीप पार्किंग के स्वामित्व के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री हरीश रावत से कई बार अनुरोध किया लेकिन आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं मिला। इस पर कांग्रेसी भी चुप्पी साधे हुए हैं। इन दोनों पार्किंगों पर निगम का स्वामित्व होना चाहिए लेकिन इस पर दूसरे विभाग अपना अधिकार जमाए बैठे हैं। मेयर ने प्रदेश के मुखिया के इस सौतेले व्यवहार पर सवाल उठाते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन प्रेषित किया। राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन में दोनों पार्किंग स्थल सहित प्रत्येक वर्ष आठ से 10 करोड़ रुपये देने की मांग रखी, लक्खी स्नानों के समय अन्य संसाधन उपलब्ध कराने की मांग प्रदेश सरकार से की। साथ ही निगम कर्मियों के लिए छठे वेतन आयोग के अनुसार वेतन देने के लिए 19 करोड़ रुपये देने और एमएनए का तबादला करने की भी मांग रखी।
विज्ञापन
धरने प्रदर्शन को संबोधित करते हुए मेयर मनोज गर्ग ने कहा कि वह हर की पैड़ी पर बैठकर भीख मांगकर निगम को चलाएंगे। यदि राज्य सरकार कर्मचारियों का वेतन नहीं देती तो वह इसके लिए इंतजाम करेंगे। कहा कि मुख्यमंत्री हरीश रावत लोकसभा की हार का बदला शहर की जनता से ले रहे हैं। धरने प्रदर्शन पर सिटी मजिस्ट्रेट मोहम्मद नासिर ने मेयर से ज्ञापन लिया। धरने पर पार्षद सपना शर्मा, लाखन चौहान, राजेश शर्मा, जितेंद्र सहगल, राजकुमार, वंदना गुप्ता, राहुल शर्मा, विजय शर्मा शामिल हुए। सीओ सिटी चंद्रमोहन सिंह, चौकी प्रभारी मोहन सिंह इस दौरान मौजूद रहे। ज्ञापन देने के बाद मेयर और पार्षदों ने धरना समाप्त किया।
विज्ञापन
यह पार्षद नहीं पहुंचे
कलावती नेगी, लक्ष्मी देवी, रवि धींगड़ा, मदनलाल, शशिकांत वशिष्ठ, ललिता चौहान, हेमा मिश्रा, कन्हैया खेवड़िया, तरन्नुम, अनिल मिश्रा आदि पार्षद नहीं पहुंचे। इनसे संपर्क किया तो इन्होंने कोई टिप्पणी भी नहीं की।
अपने पार्षदों ने दिए सुझाव
हरिद्वार। भाजपा पार्षद कन्हैया खेवड़िया ने मेयर को ज्ञापन देकर निकाय की आय बढ़ाने के स्रोतों के बारे में जानकारी दी। कहा कि दूसरे विभागों से संसाधन मांगने के स्थान पर यदि आप निगम की आय बढ़ाने का प्रयत्न करते हैं तो निगम की आय के साथ-साथ साख में वृद्धि होगी। इसके अलावा अन्य सुझावों में ऊषा ब्रेको से बकाया की वसूली, मनसा देवी के उड़न खटोले का संचालन निकाय से करवाया जाए। लीज की संपत्तियों से बकाया वसूला जाए और इन संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त किया जाए। रोडवेज से अनुबंध के आधार पर बकाया की वसूली, फूल फरोशी के ठेकों का पारदर्शी रूप से आवंटन किया जाए, केआरएल कंपनी से अनुबंध के आधार पर कार्य लिया जाए, विज्ञापन नीति के अनुसार विज्ञापन पटलों का आवंटन किया जाए, तहबाजारी की वसूली की जाए, निगम की संपत्ति को अतिक्रमण कार्यों से मुक्त कराया जाए, बायलॉजी के अनुसार जीरो जोन का संचालन निगम स्वयं करें।
धरने को नौटंकी करार दिया
हरिद्वार। कांग्रेस पार्षदों ने कनखल में बैठक कर मेयर मनोज गर्ग के धरने को नौटंकी करार दिया। पार्षदों ने कहा कि यह धरना जनता के बीच अपने ढाई साल के कार्यकाल की नाकामयाबियों से ध्यान हटाने का असफल प्रयास है। नेता प्रतिपक्ष उपेंद्र कुमार ने कहा कि भाजपा के एक पार्षद ने रामलीला भवन पर अवैध कब्जा किया हुआ है। शहीद पार्क, लीज संपत्तियों पर मेयर चुप्पी साधे हुए हैं। अमन गर्ग ने कहा कि मेयर ने ठोस आय के लिए कोई प्रयास ही नहीं किया है। मनोनित पार्षद सचिन बैनीवाल ने कहा कि जिस पार्किंग को लेकर मेयर धरने पर बैठे हैं। वही पार्किंग को उन्हीं की सरकार में तत्कालीन कैबिनेट मंत्री एवं विधायक मदन कौशिक ने दी है। बैठक में भूपेंद्र कुमार, मुर्सलीन, तहसीन अंसारी, राजेश कुमार, बालेंद्र शर्मा, हारून अंसारी, अशोक शर्मा, मुर्सलीन अहमद आदि मौजूद रहे।
अन्य कांग्रेसियों ने किया विरोध
हरिद्वार। महानगर कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष अंशुल श्रीकुंज ने कहा कि मेयर अपनी विफलताओं को छुपाने के लिए धरने कर राज्य सरकार के खिलाफ अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव अनिल चौधरी ने कहा कि अर्द्धकुंभ के लिए बजट दिलाने के लिए मेयर को धरना करना चाहिए। बैठक में संजय शर्मा, बलविंद्र सिंह, आदेश जैन, आशीष शर्मा, रामकुमार शर्मा, संजय गुप्ता आदि शामिल हुए। देशरक्षक चौराहे पर हुई बैठक में तोष जैन एवं किसान कांग्रेस कमेटी के पूर्व जिलाध्यक्ष तरूण व्यास ने मेयर के धरने को स्वरचित बताया। कहा कि पार्किंग में स्थानीय विधायक भी साझेदार हैं। बैठक में हिमांशु बहुगुणा, सचिन डबराल, नितिन तेश्वर, दीपक पांडेय, आशीष रावत, अजय नेगी आदि शामिल हुए।