{"_id":"7f7128aa40923b6d9a30fc70ff455813","slug":"first-are-asleep-awake-all-settled-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पहले सोए रहे, जागे तो सब निपट गया","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पहले सोए रहे, जागे तो सब निपट गया
ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
Updated Thu, 24 Dec 2015 12:03 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरिद्वार। नगर निगम के पार्षद पहले सोए रहे अब जब अर्द्धकुंभ मेला योजना के काम पूरे होने जा रहे हैं और नए कामों के प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति के लिए शासन को भेजने का समय समाप्त हो गया है तो वह जागे। पार्षदों ने मेलाधिकारी से क्षेत्र में अर्द्धकुंभ के बजट से विकास कार्य नहीं होने पर नाराजगी जताई।
विज्ञापन
बुधवार को नगर निगम के 12 पार्षद मेलाधिकारी से मिले। एक घंटे तक पार्षदों ने सीसीआर में क्षेत्र की समस्याओं पर बातचीत की। मेलाधिकारी से हिल बाईपास मार्ग का नियमित चलवाने और मोतीचूर रेलवे स्टेशन का विस्तार कर सभी ट्रेनों के स्टॉपेज करवाने की मांग की। शहर के अंदर पुराने सार्वजनिक शौचालयों से कब्जे हटाने के साथ नए बनाने पर जोर दिया। मेलाधिकारी को यह भी बताया गया कि शहर में महिला टॉयलेट की अधिक व्यवस्था की जानी चाहिए। पार्षदों ने कहा कि शहरवासी विकास कार्यों के लिए प्रति छह साल के अंतराल में होने वाले कुंभ एवं अर्द्धकुंभ का इंतजार करते हैं। लेकिन पहली बार ऐसा हुआ कि अर्द्धकुंभ कार्ययोजना बनाने में नगर निगम के प्रतिनिधियों को बाईपास किया गया। बाजारों, कालोनियों की सड़कों, नालियों, पुलिया, पेयजल लाइन आदि तक का एक काम तक नहीं किया जा रहा है।
विज्ञापन
निगम प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक तक न मेलाधिष्ठान ने की और न निगम प्रशासन ने की। इस बात को मेलाधिकारी ने भी महसूस किया। पार्षदों ने नालों की सफाई 30 सेंटीमीटर तक कराने के निर्णय की जानकारी ली तो मेलाधिकारी ने बताया कि यह प्रोपजल तो निगम के इंजीनियर ने दिया है। अंत में पार्षदों ने मेलाधिकारी को मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपा। मेलाधिकारी से मिलने वालों में लखनलाल चौहान, अनिल मिश्रा, राजेश शर्मा, जितेंद्र सहगल, सपना शर्मा, विजय शर्मा, मदन गोपाल, वंदना गुप्ता, सतेंद्र वर्मा, समा परवीन, नसरीन अंसारी, तरन्नुम मंसूरी शामिल रहे।
विज्ञापन
शहर में बनेंगे 200 शौचालय
हरिद्वार। पार्षदों की ओर से शहर में शौचालयों के निर्माण की मांग पर मेलाधिकारी एसए मुरुगेशन ने बताया कि मेले में शहर के अंदर श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए लगभग 200 फेब्रीकेटेड शौचालय स्थापित किए जाएंगे। सभासद लखन लाल ने बताया कि सतीकुंड कनखल, भीमगोडा चौक, रेलवे फाटक खड़खड़ी में हाइमास्ट लाइट लगवाने, श्मशानघाट पर बने पुल को स्थायी बनाने और पुल तक सड़क का निर्माण कराने के साथ हिल बाईपास के मरम्मत कार्य के नाम पर किए जा रहे गोलमाल की जांच की जाए। उन्होंने मेला सफाई व्यवस्था के लिए सफाई कर्मियों की भर्ती में स्थानीय बेरोजगारों को वरीयता देने की मांग भी उठाई।