{"_id":"eea5db409c38ac369dd6df76a22d0608","slug":"dense-fog-bathing-the-ardh-kumbh-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"घने कोहरे के बीच अर्द्धकुंभ स्नान","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
घने कोहरे के बीच अर्द्धकुंभ स्नान
ब्यूरो/अमर उजाला, हरिद्वार
Updated Fri, 15 Jan 2016 11:40 PM IST
विज्ञापन
हरिद्वार। अर्द्धकुंभ मेले का पहला एवं मकर संक्रांति स्नान शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। घने कोहरे और भारी ठंड के बीच लाखों श्रद्धालुओं ने हरकी पैड़ी समेत विभिन्न घाटों पर गंगा में डुबकी लगाई। हालांकि अपेक्षा के अनुरूप श्रद्धालुओं की भीड़ नहीं जुटी। बावजूद इसके मेला प्रशासन की ओर से करीब पांच लाख गंगाभक्तों की ओर से स्नान करने का दावा किया है।
विज्ञापन
मकर संक्रांति का स्नान इस बार दो दिन तक चला। तड़के चार बजे से श्रद्धालुओं का घाटों की ओर बढ़ना शुरू हो गया था। भारी ठंड और कोहरे के कारण स्नान धीमी गति से चला। सुबह सात से आठ बजे के बीच कोहरा और भी ज्यादा बढ़ गया था। दस बजे के आसपास कुछ देर धूप निकली तो श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। लेकिन इसके बाद स्थिति शाम तक जस की तस बनी रही। इस दौरान कुशावर्त घाट पर यज्ञोपवीत और मुंडन संस्कार कराए गए। स्नान के लिए पश्चिमी उत्तर प्रदेश, दिल्ली, पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर आदि प्रदेशों से श्रद्धालु पहुंचे थे। उत्तरकाशी जिले से भी सैकड़ों ग्रामीण देव डोलियों लेकर गंगास्नान करने पहुंचे हुए थे।
विज्ञापन
स्नान के दौरान मेलाधिकारी एसए मुरुगेशन, आईजी जीएस मर्तोलिया, मेला प्रभारी पुरुषोत्तम शर्मा, जिलाधिकारी हरबंस सिंह चुघ, एसएसपी सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस और मेला एसएसपी जगतराम जोशी आदि दिनभर मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं को जायजा लेते रहे। मेला आईजी जीएस मर्तोलिया ने दावा किया कि देर शाम तक करीब पांच लाख श्रद्धालुओं के गंगा स्नान किया है। दो दिन तक चले स्नान में करीब 13 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया है।
विज्ञापन