{"_id":"681512bc23af7b5ccb055124","slug":"called-mother-in-law-and-brother-in-law-home-and-shot-them-with-a-gun-accused-arrested-haridwar-news-c-5-1-gkp1010-680055-2025-05-03","type":"story","status":"publish","title_hn":"Haridwar News: सास और साले को घर बुलाकर तमंचे से मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Haridwar News: सास और साले को घर बुलाकर तमंचे से मारी गोली, आरोपी गिरफ्तार
विज्ञापन
विज्ञापन
हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में तीर्थ पुरोहितों के परिवार की महिला और उसके बेटे को दामाद ने घर बुलाकर कैमरों को बंद कर तमंचे से गोली मार दी। सास के गाल और साले के कान पर गोली लगी है। गंभीर हालात में दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने ससुर की शिकायत पर आरोपी दामाद के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस को अहम सुराग मिले हैं।
पुलिस के अनुसार, घटना बृहस्पतिवार की देर रात की है। जब तीर्थ पुरोहित पराग चाकलान उर्फ परीक्षित निवासी मोहल्ला चाकलान के घर उसकी सास सरिता और साला पारस मोहल्ला मिश्रान गली चौक बाजार ज्वालापुर गए हुए थे। बेटी की ससुराल में किसी बात पर दामाद और उनके बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि घर के कैमरे बंद करने के बाद पराग ने तमंचे से दोनों पर फायरिंग कर दी। गोली सास सरिता शर्मा के गाल और पारस के कान पर लगी, दोनों लहूलुहान हो गए। मां और भाई को लहूलुहान देखकर घर में मौजूद पराग की पत्नी ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इससे पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया। दोनों को आनन-फानन जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां दोनों को भर्ती किया गया है।
विज्ञापन
उधर, सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जानकारी जुटाई। पुलिस को मौके से खोखे कारतूस और तमंचा बरामद हुआ है। मामले में डॉ. चंद्र किशोर श्रोत्रिय निवासी मोहल्ला मिश्रान गली चौक बाजार ने तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी अंतिमा की शादी पराग चाकलान उर्फ परिक्षित से हुई थी। बृहस्पतिवार की रात 11 बजे उनकी पत्नी सरिता व पुत्र पारस बेटी-दामाद के घर गए थे। जहां किसी बात पर विवाद होने पर पराग ने उनकी पत्नी व पुत्र पर फायर झोंक दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट ने बताया कि आरोपी को शुक्रवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया है।
विज्ञापन