शिक्षकों की बल्ले-बल्ले, 1731 का प्रमोशन और 3080 बनेंगे शिक्षक
उत्तराखंड शिक्षा विभाग में अगले एक महीने के भीतर 3080 अभ्यर्थियों का शिक्षक बनने का सपना पूरा होने जा रहा है।
इसके साथ ही 1731 शिक्षक प्रमोशन पाएंगे। शिक्षा सचिव डी सेंथिल पांडियन ने कहा कि विभाग की ओर से नियुक्ति और प्रमोशन का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। सबसे पहले 27 अप्रैल से एलटी से प्रवक्ता के पद पर प्रमोशन पाने वाले शिक्षकों की काउंसिलिंग शुरू कर उनकी विभिन्न विद्यालयों में तैनाती की जाएगी।
शिक्षा सचिव ने कहा कि विभाग को लोकसेवा आयोग से सीधी भर्ती के प्रवक्ताओं की पहले चरण में तीन सौ अभ्यर्थियों की सूची मिल चुकी है। पांच मई से काउंसिलिंग के माध्यम से इनकी पोस्टिंग की जाएगी। इससे पहले 27 से चार मई तक प्रवक्ता के पद पर प्रमोशन पाने वाले 1431 शिक्षकों की काउंसिलिंग पूरी कर ली जाएगी।
26 अप्रैल से दोनों मंडलों में काउंसिलिंग होगी शुरू
प्राथमिक के हेड और जूनियर के सहायक अध्यापक के पद से सहायक अध्यापक एलटी में प्रमोशन पाने वाले करीब 300 शिक्षकों की 26 अप्रैल से दोनों मंडलों में काउंसिलिंग शुरू होगी। प्राविधिक शिक्षा परिषद से चयनित 2780 अभ्यर्थियों की फाइनल सूची मिलते ही काउंसिलिंग के माध्यम से इनकी विभिन्न विद्यालयों में तैनाती की जाएगी।
नई नियुक्ति से मिलेंगे शिक्षक
लोकसेवा आयोग से सीधी भर्ती के प्रवक्ता - 300
एलटी सहायक अध्यापक - 2780
यह शिक्षक पाएंगे प्रमोशन
एलटी से प्रवक्ता के पद पर प्रमोशन - 1431
प्राथमिक से सहायक अध्यापक एलटी के पद पर प्रमोशन - 300