बनबसा (चंपावत)। नेपाल में बन रहे सूखा बंदरगाह को भारत से जोड़ने वाली सड़क के निर्माण को लेकर गढ़ीगोठ के ग्रामीणों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया। ग्रामीणों सड़क के निर्माण के लिए एक इंच जमीन नहीं देने पर अड़े रहे। उन्होंने वन भूमि से सड़क बनाने की मांग की।
नेपाल के सीमावर्ती गांव चांदनी दुधारा के पास कंचनभोज में बन रहे नेपाली बंदरगाह को भारत को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण का कार्य भारत सरकार को करना है, जिसके लिए बनबसा सीमा पर गढ़ीगोठ के भैंसाझाला, लाटाखल्ला से होते हुए जगबूड़ा पुल के करीब एनएचए तक सड़क बनाई जानी है। लेकिन इस सड़क के निर्माण से भैंसाझाला व लाटाखल्ला गांव की आवासीय, खेती वाली जमीन इससे प्रभावित हो रही है। इसके चलते ग्रामीण इसका विरोध कर रहे हैं। ग्रामीण वहां खाली पड़ी वन भूमि से सड़क बनाने की बात कह रहे हैं। एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बताया कि ग्रामीणों की जायज मांग को देखते हुए भारत सरकार को सड़क समरेखण बदलने का प्रस्ताव भेजा जाएगा। तब जाकर ग्रामीणों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया। इस मौके पर समाजसेवी गजेंद्र सामंत, जसवंत बसेड़ा, सोबन सिंह, शेर सिंह बिष्ट, भवान दत्त , मदन सिंह, हनुमान राम, धनी राम, तुलसी देवी, चंद्र कला, मोहनी देवी आदि शामिल थे।