टनकपुर (चंपावत)। व्यापार मंडल जीएसटी के सर्वे का विरोध करेगा। व्यापारियों ने जीएसटी पंजीकरण की नियमावली पर सवाल खड़े किए हैं। व्यापार मंडल अध्यक्ष शाहिद हुसैन की अध्यक्षता में हुई बैठक में व्यापारियों ने जीएसटी सर्वे का विरोध करने का निर्णय लिया।
व्यापार मंडल ने सर्वे के आधार पर पंजीकरण की बाध्यता को नाइंसाफी बताते हुए इसे खत्म करने की मांग की है। कहा कि जीएसटी की दरें बढ़ाकर व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा जिलाध्यक्ष दीप पाठक के सम्मुख भी जीएसटी से संबंधित विभिन्न समस्याओं को रखा।
जिलाध्यक्ष ने जीएसटी कार्यालय के सहायक आयुक्त संतोष कुमार से फोन पर वार्ता कर व्यापारियों की समस्याओं के समाधान करने का आग्रह किया। बैठक में व्यापार मंडल उपाध्यक्ष अंकित अग्रवाल, महामंत्री संजय पांडेय, कोषाध्यक्ष मोहित गड़कोटी, सुनील भरण, राम अवतार, मोहित गड़कोटी, अनुराग अग्रवाल, केडी जोशी, अभिषेक गर्ग आदि थे।