बैंकों की हड़ताल से कारोबार प्रभावित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
चंपावत। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की हड़ताल का मंगलवार को जिले में व्यापक असर रहा। चंपावत में हड़ताल के कारण उपभोक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अलबत्ता विभिन्न स्थानों पर लगे एटीएम में धनराशि होने से उपभोक्ताओं को राहत मिली। हड़ताली बैंक कर्मियों ने नारेबाजी के साथ प्रदर्शन करते हुए मुख्यालय में स्थित पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक, अल्मोड़ा अर्बन कोआपरेटिव बैंक, कूर्माचल नगर सहकारी बैंक और नैनीताल बैंक की शाखाओं को भी बंद कराया। हड़ताल और प्रदर्शन में राजीव कुमार, मनोहर तिवारी, ललित नैनवाल, देव सिंह, निर्मल भट्ट, मनोज रावत, संतोष कुमार, अजय कुमार शर्मा आदि शामिल रहे।
टनकपुर में स्टेट बैंक, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, द नैनीताल बैंक, केनरा बैंक, ओबीसी आदि बैंक बंद रहे, अलबत्ता बैंकों के एटीएम खुले रहे। इधर हड़ताल से ग्राहकों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। एटीएम खुले रहने से उपभोक्ताओं को रुपये आहरण की सुविधा तो मिली, लेकिन रुपये जमा करने आदि बैंकिंग कार्य ठप रहे। अकेले स्टेट बैंक में करोड़ों का लेनदेन प्रभावित रहा। स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक पीसी पंत के मुताबिक हड़ताल से बैंक में करीब दस करोड़ का लेनदेन प्रभावित रहा।
बनबसा क्षेत्र में एसबीआई की एनएचपीसी, बनबसा बाजार स्थित दोनों शाखाएं, बीओबी की बनबसा, फागपुर स्थित शाखाएं और नैनीताल बैंक के कर्मचारियों के हड़ताल पर होने से बैंक शाखाएं बंद रही। वहीं, उत्तराखंड ग्रामीण बैंक और पिथौरागढ़ जिला सहकारी बैंक रोज की तरह खुले रहे।