टनकपुर (चंपावत)। प्रशासन ने शारदीय नवरात्र में मां पूर्णागिरि धाम की व्यवस्थाओं की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत एसडीएम हिमांशु कफल्टिया ने बृहस्पतिवार को पूर्णागिरि का दौरा कर व्यवस्थाओं की मौजूदा स्थिति देखी। उन्होंने मुख्य मंदिर की चट्टान में दरार का भी निरीक्षण किया। कहा कि चट्टान की दरार का ट्रीटमेंट कराया जाएगा। पूर्णागिरि से लौटने के बाद एसडीएम ने अधिकारियों की बैठक लेकर नवरात्र से पूर्व व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम ने मंदिर समिति अध्यक्ष पं. भुवन चंद्र पांडेय के साथ ठुलीगाड़ से मुख्य मंदिर तक धाम क्षेत्र में पेयजल, सड़क, बिजली आदि व्यवस्थाओं का जायजा लिया। एसडीएम ने मां पूर्णागिरि के दर्शन भी किए। एसडीएम ने बूम, ठुलीगाड़, भैरव मंदिर वाहन पार्किंग स्थल का जायजा लिया। स्टैंडपोस्टों में जलापूर्ति की स्थिति देखी। स्टैंडपोस्टों से बहते पानी की बर्बादी पर नाराजगी जताते हुए जलसंस्थान को सभी स्टैंडपोस्टों में टोंटियां लगाने और समस्याग्रस्त क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत, लोनिवि, जल संस्थान के अधिकारियों की बैठक भी ली। पुजारियों ने माह में एक दिन रसोई गैस की गाड़ी भेजने और भैरव मंदिर में बने मेडिकल रिलीफ पोस्ट (एमआरपी) में फार्मासिस्ट की तैनाती की मांग की। बैठक में सीओ विपिन चंद्र पंत, लोनिवि के एई एपीएस बिष्ट, एसडीओ यूपीसीएल शोएब रजा, जिला पंचायत के मेला सहायक हितैष जोशी आदि थे।