टनकपुर (चंपावत)। विद्युत रेलगाड़ी (इलेक्ट्रिक ट्रेन) के लिए बिछाई गई लाइनों का निरीक्षण कर इलेक्ट्रिक इंजन की स्पीड ट्रायल के लिए रेल पूर्वोत्तर रेलवे परिमंडल के संरक्षा आयुक्त मो. लतीफ खान टनकपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस मार्ग पर विद्युत रेलगाड़ी संचालित की जाएगी। इससे पूर्व बनबसा पहुंचने पर उन्होंने विद्युत लाइनों का निरीक्षण कर गेटों का भी जायजा लिया। इस कारण वह डीजल इंजन से आए और बिजली के इंजन से लौटे।
नई विद्युत लाइनों का निरीक्षण करने पूर्वोत्तर रेलवे परिमंडल के संरक्षा आयुक्त अधिकारियों के साथ शनिवार को टनकपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। उन्होंने विद्युत लाइनों का बारीकी से निरीक्षण किया। इससे पूर्व बनबसा से होकर शाम करीब 6:30 बजे डीजल इंजन युक्त रेलगाड़ी टनकपुर रेलवे स्टेशन पहुंचे। रेलवे के इज्जतनगर स्थित पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष जून में विद्युत लाइन बिछाने का काम शुरू किया गया था, जो इस वर्ष मार्च में पूरा हो गया है। टनकपुर से पीलीभीत तक करीब 65 किमी लंबे मार्ग पर 70 करोड़ का खर्च हुआ है। इस दौरान डीआरएम आशुतोष पंत, प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर रेलवे विद्युत विभाग एके शुक्ला, मुख्य विद्युत वितरण इंजीनियर एसके दुबे आदि रहे।