पूरन की मेहनत ने सल्ली को दिलाया सांसद आदर्श गांव का दर्जा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भले ही एक साल के कार्यकाल में किसी त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि से बहुत सारे विकास कार्यो की उपलब्धियों की अपेक्षा करना न्याय संगत न लगता हो, लेकिन चंपावत जिले के दूरस्थ सल्ली ग्राम पंचायत के ग्राम प्रधान पूरन सिंह रावत ने मात्र एक साल के कार्यकाल में गांव के विकास की कई उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर अन्य प्रतिनिधियों के लिए मिसाल कायम की है। नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान के प्रयासों का ही नतीजा है कि सल्ली ग्राम पंचायत का चयन 2016-17 के लिए सांसद आदर्श गांव के रूप में हो सका है। लोकसभा सांसद अजय टम्टा ने बागेश्वर जिले के सूपी गांव के बाद चंपावत जिले के सल्ली ग्राम पंचायत का चयन किया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में विकास की मुख्यधारा में शामिल होने की उम्मीदें बलवती हो गई हैं।
ग्राम प्रधान के प्रयासों से ग्राम पंचायत में स्वच्छ भारत मिशन के तहत 50 परिवारों के लिए शौचालय बनाए जा चुके हैं। इसके अलावा जूनियर हाईस्कूल से उच्चीकृत हुए हाईस्कूल के लिए भूमि की रजिस्ट्री कराने के साथ ही स्कूल भवन का निर्माण भी ग्राम प्रधान की एक साल की उपलब्धियों में शामिल है। अब स्कूल के पास इतनी पर्याप्त भूमि हो गई है कि हाईस्कूल के उच्चीकरण के बाद इंटरमीडिएट कालेज के लिए जमीन का संकट नहीं रहेगा। इसके अलावा कृषि विभाग, मनरेगा, राज्य वित्त और 13वें वित्त के माध्यम से ग्राम पंचायत में 10 लाख रुपये की लागत से विकास कार्यों का निर्माण भी किया जा चुका है। साथ ही सल्ली से कुकड़ौनी तोक के लिए पेयजल योजना की मंजूरी भी एक साल की उपलब्धियों में शुमार है।