बनबसा (चंपावत)। भुवनेश्वर ओडिशा में 19 से 22 मार्च तक राष्ट्रीय पैरा बैडमिंटन प्रतियोगिता होगी। इसमें उत्तराखंड की टीम भेजने के लिए बृहस्पतिवार को श्री स्पोर्ट्स अकादमी देहरादून में राज्य पैरा बैडमिंटन खिलाड़ियों का चयन ट्रायल हुआ। इसमें 30 खिलाड़ियों का चयन किया गया। इनमें कुमाऊं के करीब 16 खिलाड़ी शामिल हैं। उत्तराखंड पैरालंपिक एसोसिएशन के सचिव प्रेम कुमार ने बताया कि चयन प्रक्रिया में राज्य के विभिन्न क्षेत्रों से 55 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। इसमें राष्ट्रीय निर्णायक अमृतपाल सिंह, आदेश डबराल, आंशिक रतूड़ी चयनकर्ताओं में शामिल रहे। व्हीलचेयर कैटेगरी, अपर कैटेगरी और लोअर कैटेगरी में मैच कराए गए। कुमाऊं से चयनित पैरा बैडमिंटन के खिलाड़ियों में पिथौरागढ़ से किशन कुमार, दशरथ सिंह, अल्मोड़ा से शरद जोशी, नैनीताल से कमलेश जोशी, भुवन चंद्र गुणवंत, गौरव सिंह नयाल, ऊधम सिंह नगर से रवि पाल, आशीष हलदर, अक्षय रौतेला, कमल हसन आदि शामिल हैं।