लोहाघाट/टनकपुर (चंपावत)। छह सूत्रीय मांगों के लिए उत्तराखंड जल संस्थान श्रमिक संघ ने अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया है। उन्होंने जल संस्थान कार्यालय में धरना देकर प्रदर्शन किया। मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
बृहस्पतिवार को जल संस्थान श्रमिकों ने लंबे समय से कार्यरत आउटसोर्स, ठेकेदारी प्रथा में कार्यरत सभी श्रमिकों को रिक्त पदों में नियमित नियुक्ति देने, प्रतिमाह मानदेय 18 से 25 हजार रुपये देने, रिक्त पदों में उन्हें विभागीय संविदा या आउट सोर्स से उपनल के तहत नियुक्त करने, साप्ताहिक अवकाश देने आदि मांगों के लिए कार्य बहिष्कार कर धरना दिया। धरना देने वालों में मंजू कठायत, पूनम फर्त्याल, रघुवर राय, राजेंद्र कुमार, गिरीश सिंह महर, जीवन राम, ललित कुमार, गणेश राय, नरेंद्र पाटनी आदि शामिल रहे।
टनकपुर में भी उत्तरांचल जल संस्थान के ठेका संविदा कर्मियों ने कार्य बहिष्कार शुरू कर दिया। यहां संविदा ठेका कर्मी ताहिर हुसैन, ऋषिपाल सिंह, प्रकाश जोशी, गोदावरी देवी, जयंती बिष्ट, रोहिता देवी, पूनम, रमेश चंद्र गड़कोटी, राजेंद्र सिंह समेत 32 कर्मी मौजूद रहे।