लोहाघाट (चंपावत)। पांच गांव सुंई और बीस गांव बिशुंग का प्रसिद्ध आषाढ़ी वायुरथ महोत्सव आठ अगस्त से शुरू होगा। इस मेले की आयोजन समिति का शिष्टमंडल सोमवार को जिला स्तरीय अधिकारियों से मिला। शिष्टमंडल ने मेले में व्यवस्थाएं बढ़ाने के लिए ज्ञापन दिया। महोत्सव समिति के अध्यक्ष श्याम दत्त चौबे के नेतृत्व में डीएम, सीडीओ, एसपी, सीईओ, सीएमओ आदि अधिकारियों को ज्ञापन सौंप महोत्सव के आयोजन में सहयोग की अपील की।
आषाढ़ी वायुरथ महोत्सव समिति सामाजिक उत्थान सांस्कृतिक खेल समिति की ओर से रक्तदान शिविर, जिला स्तरीय वॉलीबाल प्रतियोगिता, मैराथन समेत रात में राज्य स्तरीय सांस्कृतिक दलों के कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। आठ अगस्त को हो रहे इस मेले में रक्षाबंधन के दिन 12 अगस्त को मुख्य मेला होगा। इसमें मां भगवती के वायुरथ को 25 गांवों की परिक्रमा कराई जाएगी। ज्ञापन देने वालों में संरक्षक सचिन जोशी, ग्राम प्रधान भुवन चौबे, बीडीसी सदस्य गौरव डुंगरिया, हयात सिंह मेहरा, सुनील चौबे, डॉ. बृजेश मेहरा, समिति के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मदन पुजारी, डॉ. महेश ढेक आदि रहे।