चंपावत। बीपीएड, एमपीएड प्रशिक्षित बेरोजगारों ने व्यायाम शिक्षक के पदों के लिए नियुक्ति प्रक्रिया शुरू किए जाने की मांग के लिए प्रदर्शन किया। इससे पूर्व व्यायाम प्रशिक्षित संगठन की प्रदेश कार्यकारिणी की बैठक में 23 अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र के दौरान विशाल रैली निकालने का निर्णय लिया गया।
तय किया गया कि विधानसभा सत्र के दौरान प्रदेश कार्यकारिणी की ओर से प्रशिक्षितों की मांग के लिए राज्य सरकार से वार्ता की जाएगी। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष जगदीश पांडेय ने कहा कि 23 अगस्त से देहरादून में विधानसभा सत्र चलने वाला है। इसके चलते 24 अगस्त को संगठन की ओर देहरादून में एक विशाल रैली का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने प्रशिक्षितों से 23 अगस्त की शाम तक देहरादून पहुंचने की अपील की। इस मौके पर शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत प्रत्येक विद्यालय में व्यायाम शिक्षक तैनात करने की मांग की । प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश अध्यक्ष जगदीश पांडेय, ललित मोहन जोशी, भगवती प्रसाद गहतोड़ी, विनोद पांडेय, किशोर भट्ट, पुष्पा पाटनी, मनोज भंडारी, गणेश धामी मौजूद थे।