लोहाघाट (चंपावत)। बाराकोट ब्लॉक के ग्राम प्रधान विहीन नदेड़ा ग्राम पंचायत में लोक योजना अभियान (जीपीडीपी) के तहत बैठक आयोजित की गई। इस दौरान मोबाइल टावर का मुद्दा छाया रहा। मोबाइल सुविधा से वंचित ग्रामीणों ने मोबाइल सुविधा न मिलने पर आगामी विधानसभा चुनाव के बहिष्कार की चेतावनी दी। ग्राम सभा प्रशासक विजय सिंह वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में ग्रामीणों ने ग्राम सभा की अन्य समस्याओं के साथ मोबाइल नेटवर्क समस्या भी उठाई।
ग्रामीणों का कहना था कि आज के युग में जहाँ सभी काम ऑनलाइन मोबाइल से होते हैं, लेकिन उनके गांव में सरकारी और निजी किसी भी कंपनी के नेटवर्क नहीं आते हैं। ग्रामीणों का कहना था कि कई बार शासन प्रशासन और जन प्रतिनिधियों को भी पत्र के माध्यम से इसकी जानकारी दी गयी लेकिन उनकी किसी ने सुध नहीं ली। लोगों ने अन्य विकास कार्यों से पहले उनके यहाँ मोबाइल टावर लगाने की ही बात कही। बैठक में ज्येष्ठ प्रमुख नंदा बल्लभ बगौली, क्षेत्र पंचायत सदस्य योगेश जोशी, एडीओ पंचायत संजय आर्य, ग्राम पंचायत अधिकारी अनिरुद्ध पुनेठा, ग्राम विकास अधिकारी प्रवीण भट्ट, पूर्व प्रधान कृष्णा जोशी, उप प्रधान हरीश चंद्र जोशी, वार्ड सदस्य प्रमोद जोशी, पूजा जोशी, सविता जोशी और ग्रामीण मनोज जोशी, राजीव जोशी, दीना नाथ जोशी, शीशराम जोशी आदि मौजूद रहे।