चंपावत। पाटी ब्लाक के ग्राम प्रधान संगठन ने डीएम विनीत तोमर को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र में कोरोना के कारण आ रही विभिन्न समस्याओं को हल करने की मांग उठाई। इस दौरान उन्होंने ग्राम प्रधानों को ई पास देने की भी मांग की। इस पर डीएम ने अधिकारियों को सभी ग्राम प्रधानों को ई पास जारी करने के निर्देश दिए।
इस मौके पर ग्राम प्रधान संघ के अध्यक्ष राजू बिष्ट ने बताया कि क्षेत्र में अनेक प्रवासी आ रहे हैं, उन्हें रोजगार मुहैया कराने के लिए मनरेगा योजना के तहत ग्राम प्रधान स्तर पर कार्य प्रस्ताव अनुमोदित किए जाएं। उन्होंने बताया कि मनरेगा में वर्ष 2021-22 में ग्राम पंचायतों में किए गए विकास कार्यों की सामग्री का अंशदान अभी तक नहीं मिल पाया है। ग्राम प्रधानों ने कहा कि वित्त के पैसे से वह 20 फीसदी धनराशि कोविड बचाव के लिए खर्च करेंगे। प्रधानों ने बताया कि वर्ष 2021-22 की वित्त की कार्ययोजना पांच माह पूर्व अनुमोदन हो चुकी है, लेकिन धनराशि अभी तक अवमुक्त नहीं की गयी है। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर में प्रवासियों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए विकास कार्य शुरू किए जाएं। डीएम को ज्ञापन सौंपने वालों में ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश प्रभारी प्रकाश मेहरा, सुंदर सिंह नेगी, पाटी व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेश पचौली, ग्राम प्रधान मंजू पचौली आदि शामिल रहे।