चंपावत। टनकपुर-पिथौरागढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर फुलारगांव के पास पेयजल लाइन लीकेज से पानी की बर्बादी हो रही है। एनएच के इस हिस्से में लीकेज कारण कीचड़ होने से आवाजाही भी जोखिमभरी हो गई है। नागरिकों ने लीकेज दूर करने की मांग की है।
फुलारगांव में पेयजल लाइन का लीकेज होना सिरदर्द बन रहा है। इससे एक तरफ पानी की बर्बादी हो रही है, वहीं दूसरी तरफ कई जगह पेयजल आपूर्ति पर असर पड़ रहा है। साथ ही बड़ी मात्रा में सड़क पर पानी बहने से कीचड़ और मलबे से पैदल व वाहनों की आवाजाही में दुश्वारी हो रही है। दीपक फुलारा, संजय जोशी, दीपक रावत, संजय रावत आदि का कहना है कि जल संस्थान ने क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन में रबड़ बांधकर कामचलाऊ व्यवस्था की है, लेकिन इससे लीकेज नहीं रुक रहा है। ग्रामीणों ने तुरंत लाइन को ठीक करवाने की मांग की है। जल संस्थान के अपर सहायक अभियंता परमानंद पुनेठा का कहना है कि पेयजल लाइन को ठीक करने के लिए वेल्डिंग कराई जा रही है। दो दिन में दिक्कत दूर हो जाएगी।