चंपावत। जिला सभागार में सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए डीएम एसएन पांडेय ने लगातार शिकायतों के बढ़ने पर नाराजगी जताते हुए लेबल एक के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। चेतावनी दी कि शिकायत का साप्ताहिक संज्ञान न लेने वाले अधिकारियों का वेतन रोकने के साथ संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि दी जाएगी। डीएम ने लेबल-चार पर विगत सप्ताह 51 शिकायतों के सापेक्ष इस सप्ताह 55 शिकायतों के लंबित होने पर नाराजगी जताई। कहा कि अधिकारी सात दिन के भीतर सभी शिकायतों समाधान करें।
डीएम ने सोमवार को सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा की। जनता मिलन, बहुउद्देशीय शिविरों, सामान्य कार्य दिवसों, सोशल मीडिया आदि से प्राप्त लंबित शिकायतों पर अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। समस्याओं का सात दिन में समाधान न होने पर वेतन रोकने की चेतावनी दी। साथ ही समस्याओं के समाधान में अधिक समय लगने पर अंतरिम रिपोर्ट 15 दिन में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम टीएस मर्तोलिया, एसडीएम अनिल गर्ब्याल, शिप्रा जोशी, एपीडी विम्मी जोशी, डीडीओ एसके पंत, वरिष्ठ कोषाधिकारी एचपी गंगवार, सीएमओ डॉ.आरपी खंडूरी, सीवीओ डॉ.बीएस जंगपांगी सहित सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।