लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के राजकीय एलोपैथिक अस्पताल पुलहिंडोला और राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल दिगालीचौड़ में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की मांग को लेकर नागरिकों ने शनिवार को एक दिनी धरना, प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने सुशीला तिवारी अस्पताल हल्द्वानी को एम्स का दर्जा दिलाने की मांग की।
राज्य आंदोलनकारी मोहन पाठक के नेतृत्व में लोगों ने शनिवार को पुलहिंडोला अस्पताल में धरना, प्रदर्शन किया। उन्होंने अस्पताल को उच्चीकृत, सुविधाओं के विस्तार, डॉक्टर की नियुक्ति, 108 आपातकालीन वाहन उपलब्ध बनाने की मांग की। इससे पूर्व नागरिकों ने दिगालीचौड़ मानाढुंगा के आयुर्वेदिक अस्पताल में धरना, प्रदर्शन किया। उन्होंने अस्पताल में रोगियों को बेहतर उपचार न मिलने पर आक्रोश जताया। कहा कि अस्पताल में दवाओं का अभाव होने के साथ यहां पानी की सुविधा तक नहीं है। लोगों ने दिगालीचौड़ में आयुर्वेदिक अस्पताल के अलावा एलोपैथिक अस्पताल भी खोलने की मांग की। इस मौके पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सदस्य पुष्कर सिंह बोहरा, राजेंद्र पुनेठा, लोकेश पांडेय, गोविंद सिंह, भूप सिंह, राम सिंह, फतेह सिंह, जीत सिंह, नीरज खोलिया, मुकेश रेंसवाल आदि रहे।