दुर्घटना में घायल दो और लोगों की मौत
कनकचौंरी-गोदी-गिंवाला मोटर मार्ग पर सोमवार को हुई वैन दुर्घटना में घायल हुए दो और लोगों की मौत हो गई। सोमवार को हुई वाहन दुर्घटना में दो की मौके पर मौत हो गई थी जबकि 12 घायल हो गए थे। अब मरने वालों की संख्या चार को गई है।
दुर्घटना में गंभीर घायल पोगठा गांव निवासी दयाल सिंह की पत्नी अनीषा, 33 वर्ष और प्रमिला पुत्री नरेंद्र सिंह ने सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग से बेस अस्पताल श्रीकोट ले जाते वक्त रास्ते में दम तोड़ दिया था।
घटना के चार घायलों का दून अस्पताल में इलाज चल रहा है। चमोली के जिला पंचायत उपाध्यक्ष लखपत बुटोला ने दून अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना।
उन्होंने कहा कि सीएम हरीश रावत ने भी घटना पर दुख जताया है। बुटोला ने कहा कि घटना में मृतक और घायलों के परिजनों को मुआवजा देने के बाबत सीएम से बात की जाएगी।
गोदी-गिंवाला सड़क पर बीते दिन हुई वैन हादसे में मौके पर ही दो बच्चों की मौत हो गई थी, जबकि 12 लोग घायल हो गए थे।